1 हफ़्ते के भीतर यूपी में फिर दूसरा हादसा, डंपर से टकराई कैफियत एक्सप्रेस, 10 डिब्बे पटरी से उतरे, 21 घायल
यूपी में एक और रेल हादसा हुआ है. कानपुर और इटावा के बीच औरैया जिले में ये हादसा हुआ. आजमगढ़ से दिल्ली आ रही 12225 (अप) कैफियत एक्सप्रेस औरैया के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई. मानव रहित फाटक पर देर रात ट्रेन एक डंपर से टकरा गई. उत्तरी-मध्य रेलवे के प्रवक्ता के मुताबिक दुर्घटना की वजह से ट्रेन के इंजन सहित 10 डिब्बे पटरी से उतर गए. घटना में 21 लोगों के घायल होने की खबर है. घायलों में से दो यात्री बुरी तरह से घायल हुए हैं. राहत और बचाव कार्य पूरा हो चुका है. इससे पहले शनिवार को मुजफ्फरनगर के खतौली में रेल हादसा हुआ था जिसमें 23 लोगों की मौत हो गई थी.
औरैया में ये हादसा उत्तरी-मध्य रेलवे के सीपीआरओ बिजय कुमार के मुताबिक दुर्घटना में घायल 14 लोगों को औरैया सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलते ही दिल्ली से मेडिकल रिलीफ ट्रेन भी मौके के लिए रवाना कर दी गई थी. रेल दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के बड़े अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए थे.