2019 के चुनावों में एनडीए की ही बनेगी सरकार : बिहार CM नीतीश कुमार

गलतफहमी पालने की जरूरत नहीं है, 2019 में भाजपा के नेतृत्व में जो गठबंधन है, उसे ही सफलता मिलने वाली है: नीतीश कुमार





(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2019 में केंद्र में भाजपा के नेतृत्व में एनडीए की ही सरकार बनने का दावा किया है. सोमवार को लोक संवाद कार्यक्रम के बाद प्रेस काॅन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि किसी को कोई गलतफहमी पालने की जरूरत नहीं है. 2019 में भाजपा के नेतृत्व में जो गठबंधन है, उसे ही सफलता मिलने वाली है. लोगों को कुछ-कुछ होने लगता है.
मन में कोई बात आ जाती है, यह उनका अधिकार है. लेकिन लोकसभा चुनाव में सफलता भाजपा नेतृत्व को ही मिलेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर मैंने पहले ही कई बार कहा था कि वहां भाजपा की ही सरकार बनेगी. जिस राज्य के प्रधानमंत्री हैं, वहां की जनता प्रधानमंत्री के दल को छोड़ किसी दूसरी पार्टी को वोट नहीं दे सकती है.
गुजरात में वैसा ही हुआ और वहां 48-49% वोट भाजपा को मिले. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को केंद्रीय बजट (2018-19) में उम्मीद से ज्यादा मिला है. टैक्स के आधार पर केंद्र राज्यों को जो राशि आवंटित करेगी, वह सरकार ने जितना सोचा था उससे ज्यादा है. केंद्र सरकार ने 76 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. साथ ही केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं की राशि अलग से होगी, जिसे राज्यों को दिया जायेगा. बिहार में जीएसटी नयी प्रणाली है और इसे लागू किया जा रहा है. इस साल अगर नुकसान होगा तो अगले साल केंद्र सरकार इसकी भरपाई करेगी.


Leave A Reply