कुल्लू: बंजार उपमंडल के सैंज घाटी की चर्कुरठा पंचायत के काऊधार गांव में दोपहर के समय आग लगने से एक व्यक्ति जिंदा जला गया है। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आग की लपटों के चलते चुन्नी लाल को बाहर नहीं निकाल पाए। देखते ही देखते मकान राख के ढेर में तबदील हो गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। लोगों का मानना है कि आग स्टोव आदि से लगी होगी, पर सच का पता पुलिस जांच के बाद ही चलेगा। सूचना मिलते ही बंजार थाना के एएसआई मनोज ठाकुर की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया व मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा रहा है।बताया जा रहा है कि काऊधार में चुन्नी लाल (45) कच्चे मकान के एक कमरे में अकेला रहता था। वह उसी कमरे में सोता था व खाना भी उसी कमरे में बनाता था। अचानक दोपहर को कमरे में आग लग गई।