शिमला। घणाहट्टी में स्थापित कंडा जेल से तीन कैदी फरार हो गए हैं। ये कैदी बीती रात ही फरार हुए बताए जाते हैं। तीन कैदियों से फरार होने के बाद जेल में हड़कंप मच गया है। पुलिस को इसकी सूचना सुबह मिली। पुलिस ने सूचना मिलते ही नाकेबंदी कर दी है।
पुलिस के मुताबिक ये तीनों हत्या और रेप मामले में अंडर ट्रायल थे। कंडा जेल के अधिकारियों ने इस संबंध में बालुगंज थाना में मामला दर्ज करवा दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को सुबह करीब 5.30 बजे सूचना मिली कि कंडा जेल से तीन कैदी फरार हो गए हैं।
कंडा जेल से फरार होने वाले कैदियों में लीलाधर(22 ), प्रताप सिंह (27) और प्रेम बहादुर (22) हैं इनमें लीलाधर पर मर्डर, प्रताप सिंह पर नाबालिग से रेप व प्रेम बहादुर पर रामपुर थाने में रेप का केस दर्ज है। ये तीनों नेपाली मूल के हैं। बताते हैं कि इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत संबंधित थानों को अलर्ट कर दिया और नाके लगाने को कहा।
एसपी सौम्या सांबसिवन ने कहा कि कंडा जेल से तीन कैदियों के फरार होने की सुबह सूचना मिली है और बालुगंज थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस इन कैदियों को जल्द खोज निकालेगी। पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल ने बताया कि सारे नाकों को सील किया गया है और फरार कैदियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।