(न्यूज़लाइवनाउ-India) केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को अरुणाचल प्रदेश के अपने तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले हैं. इस दौरान वह राजधानी ईटानगर में सहकारी सम्मेलन में शामिल होंगे, राज्य के लिए सहकारिता से जुड़ा विजन डॉक्यूमेंट-2047 जारी करेंगे और होलोंगी में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 12वीं बटालियन के परिसर का उद्घाटन करेंगे
सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने पर रहेगा जोर
अमित शाह ईटानगर स्थित दोरजी खांडू स्टेट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सहकारी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. कार्यक्रम के दौरान ‘अरुणाचल प्रदेश कोऑपरेशन विजन 2047’ का अनावरण किया जाएगा. इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली सहकारी समितियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे और सरस मेले का उद्घाटन भी किया जाएगा.
इस आयोजन का उद्देश्य राज्य में सहकारी संस्थाओं को सशक्त बनाना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देना और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है.
5,610 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात
इस दौरे के दौरान अरुणाचल प्रदेश में 5,610.95 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाएं शुरू करने की भी योजना है. इनमें मिशन शिक्षित अरुणाचल के दूसरे चरण, बिजली व्यवस्था के विस्तार, ग्रामीण सड़क विकास और सीमावर्ती इलाकों के लिए वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत 199 परियोजनाएं शामिल हैं.
इन योजनाओं के जरिए शिक्षा, ऊर्जा, सड़क संपर्क, ग्रामीण सुविधाओं और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को गति देने पर जोर दिया जाएगा.
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला समूहों को भी मिलेगा प्रोत्साहन
कार्यक्रम में सहकारी संस्थाओं को वित्तीय सहायता, ऋण स्वीकृति और पंजीकरण प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे. इसके अलावा ग्रामीण उत्पादों को डिजिटल बाजार से जोड़ने के लिए अरुणाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के उत्पादों की ई-कॉमर्स वेबसाइट भी शुरू की जाएगी.
वहीं, रागा LAMPS में खाद्यान्न भंडारण केंद्र का उद्घाटन, मोबाइल मेडिकल वैन को हरी झंडी और सरस मेले के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों को बढ़ावा देने की पहल भी कार्यक्रम का हिस्सा है.
होलोंगी में NDRF की 12वीं बटालियन के परिसर का उद्घाटन
दोपहर में अमित शाह होलोंगी पहुंचकर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 12वीं बटालियन के नए परिसर का उद्घाटन करेंगे. यह कदम आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों की क्षमता को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है. तीन दिवसीय दौरे के बाद गृह मंत्री रविवार शाम नई दिल्ली लौटेंगे.
Comments are closed.