(न्यूज़ लाइव नाऊ) : हिमाचल प्रदेश: धूमल को किसी तरह से सीएम बनाने के लिए हिमाचल में अब लॉबिंग हो रही है। प्रेम कुमार धूमल गुट के विधायकों का कहना है कि धूमल को प्रदेश की जनता सीएम के तौर पर देखना चाहती है।
धूमल को ही बीजेपी ने सीएम का फेस बनाकर चुनाव लडा था, उनके बिना प्रदेश में इस बार बीजेपी नहीं जीत पाती। धूमल के समीरपुर स्थित निवास पर पहुँच कर समर्थन देने वाले विधायकों में नाचन से विनोद कुमार, चुराह से हंसराज, पांवटा साहिब से सुखराम व पच्छाद से सुरेश कश्यप शामिल रहे।
ठाकुर जयराम, अनुराग ठाकुर और नड्डा को ले कर जहाँ लोग सोशल मीडिया में कयास लगा रहे हैं, वहीँ अब धूमल गुट भी अपनी रणनीतियां बनाने में जुटा है। ज़ाहिर है कि बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व के लिए भी, अब ये चयन आसान नहीं है। आगे 2019 को भी ध्यान में रखना होगा।
सूत्रों से ख़बर है कि बीजेपी इसी कारण चुनाव से पहले धूमल को मुख्यमंत्री के तौर पर सामने लाने से कतरा रही थी, क्योंकि धूमल के कमज़ोर पड़ जाने की आशंका थी। अब जब तक दिल्ली से घोषणा नहीं हो जाती, तब तक कयासों के दौर जारी ही रहेंगे।