सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: आनंद मोहन की रिहाई रद्द, 1 महीने के भीतर जेल लौटने का आदेश

बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। शीर्ष अदालत ने गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में आनंद मोहन को दी गई समय से पहले रिहाई (रिमिशन) को निरस्त कर दिया है। अदालत ने उन्हें एक महीने के भीतर संबंधित जेल प्राधिकरण के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। ऐसा नहीं करने पर अधिकारियों को कानून के मुताबिक उन्हें हिरासत में लेने की कार्रवाई करनी होगी।

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार की ओर से 10 अप्रैल 2023 को बिहार जेल नियमावली में किए गए संशोधन को भी असंवैधानिक करार दिया है। इस बदलाव के जरिए ड्यूटी पर तैनात सरकारी अधिकारी की हत्या के दोषियों को समयपूर्व रिहाई के लिए अयोग्य ठहराने वाली शर्त को हटा दिया गया था। अदालत ने कहा कि इस संशोधन के पीछे राज्य सरकार कोई तार्किक और वैध सार्वजनिक उद्देश्य साबित नहीं कर सकी।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला साल 1994 का है, जब तत्कालीन गोपालगंज जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की भीड़ के हमले में हत्या कर दी गई थी। घटना के दौरान आनंद मोहन उस समय विधायक थे और गैंगस्टर छोटन शुक्ला की अंतिम यात्रा से जुड़ी भीड़ के बीच मौजूद थे। इस मामले में आनंद मोहन को 2007 में निचली अदालत ने मृत्युदंड सुनाया था, जिसे 2008 में पटना हाईकोर्ट ने उम्रकैद में बदल दिया। सुप्रीम कोर्ट ने भी 2012 में उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा था।

बिहार सरकार के संशोधन पर अदालत की सख्त टिप्पणी

बिहार सरकार ने 10 अप्रैल 2023 को जेल नियमावली में बदलाव करते हुए ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारी की हत्या करने वाले दोषियों को समयपूर्व रिहाई की प्रक्रिया से बाहर रखने वाली पाबंदी हटा दी थी। इसी संशोधन के बाद 24 अप्रैल 2023 को आनंद मोहन की रिहाई का आदेश जारी हुआ और वह 27 अप्रैल को जेल से बाहर आए।

सुप्रीम कोर्ट ने इस संशोधन को मनमाना बताते हुए कहा कि राज्य की ओर से पहले से लागू रिमिशन नीति में अचानक और चुनिंदा बदलाव किया गया, लेकिन इसके पीछे कोई ठोस सार्वजनिक हित या वैध नीति-आधार प्रस्तुत नहीं किया गया। अदालत ने इस संशोधन को संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत समानता के अधिकार के विपरीत माना।

पीड़ित परिवार को भी सुनवाई का अधिकार

सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि किसी दोषी की समयपूर्व रिहाई पर निर्णय लेने से पहले पीड़ित या उसके कानूनी प्रतिनिधि को अपनी बात रखने का उचित अवसर दिया जाना चाहिए। हालांकि, पीड़ित पक्ष की आपत्ति को अंतिम निर्णय पर वीटो अधिकार नहीं माना जाएगा।अदालत ने आनंद मोहन की रिहाई से जुड़े निर्णय की प्रक्रिया में भी खामियां पाईं। पीठ के अनुसार, पहले प्राप्त न्यायिक राय का इस्तेमाल रिहाई के निर्णय में किया गया, जबकि नियमानुसार नए सिरे से उचित और तर्कसंगत राय प्राप्त करना जरूरी था।

आगे क्या होगा?

सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का आदेश रद्द करते हुए उन्हें एक महीने के भीतर जेल अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। साथ ही, अदालत ने बिहार सरकार को कानून के मुताबिक भविष्य में रिमिशन प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की छूट दी है, लेकिन इसके लिए पहले आनंद मोहन का जेल लौटना या हिरासत में लिया जाना जरूरी होगा।नए सिरे से रिहाई पर विचार करते समय जी. कृष्णैया की पत्नी उमादेवी कृष्णैया को अपना पक्ष रखने का अवसर भी देना होगा। अदालत ने कहा कि न्याय व्यवस्था में दोषी और पीड़ित, दोनों के अधिकारों के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।

Comments are closed.