हिमाचल प्रदेश: मुख्यमंत्री जयराम ने कहा, साल में 2 बार होनी चाहिए पेयजल टैंकों की सफाई
हिमाचल प्रदेश: मुख्यमंत्री जयराम ने कहा, साल में 2 बार होनी चाहिए पेयजल टैंकों की सफाई
(न्यूज़ लाइव नाऊ) शिमला: नए साल के पहले ही दिन हिमाचल में पेयजल भंडारण टैंकों की सफाई के लिए व्यापक अभियान छेड़ा गया है। शिमला के संजौली से इस अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह, ओएसडी (सीएम) महेंद्र धर्माणी, नगर निगम की मेयर कुसुम सदरेट, उप महापौर राकेश शर्मा सहित कई अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे। ये अभियान सिंचाई व जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाया गया है। अभियान के तहत सिंचाई विभाग राज्यभर में जल भंडारण टैंकों के सफाई करवाएगा। इस मौके पर सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि लोगों को स्वच्छ पानी मिलना चाहिए, किसी को कोई बीमारी न हो, यह हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार टैंकों की सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।अब साल में दो बार पेयजल भंडारण के टैंकों की सफाई की जाएगी। इसके लिए एक शैड्यूल बनाया जाए ताकि सफाई बनी रहे। जयराम ठाकुर ने कहा कि स्वच्छता पीएम मोदी का एक मिशन है और उसे जन-जन तक पहुंचाना है और नए साल पर यह कार्य शुरू हो तो और भी अच्छा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां ग्रेविटी से पानी नहीं जा सकता, वहां लिफ्ट कर पानी पहुंचाया गया है और घर घर तक पानी पहुंचाया जा रहा है।