(न्यूज़ लाइव नाऊ) तेहरान: ईरान में हो रहे विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया है और इसमें कम से कम 13 लोगों के मारे जाने की खबर है। सशस्त्र प्रदर्शनकारियों ने सैन्य अड्डों और पुलिस थानों में घुसने की कोशिश की लेकिन सुरक्षाबलों ने उन्हें खदेड़ दिया। देश में पिछले पांच दिनों से प्रदर्शन जारी है। ईरान में साल 2009 के राष्ट्रपति चुनाव के बाद यह सबसे बड़ा प्रदर्शन है।देश की कमजोर अर्थव्यवस्था और महंगाई को लेकर गुरुवार को मशहाद में प्रदर्शन शुरू हुए और कई शहरों तक फैल गए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने सरकार और शीर्ष नेता अयातुल्लाह अली खामनेई के खिलाफ नारे लगाए। सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया गया। ईरान के सरकारी टेलीविजन चैनल ने लूटे हुए निजी बैंकों, टूटी हुई खिडकियों, क्षतिग्रस्त की गई कारों और आग लगाए गए ट्रकों की तस्वीरें प्रसारित की। उसने बताया कि रविवार रात को सुरक्षाबलों के साथ झड़पों में 10 लोग मारे गए। टीवी चैनल ने कहा, कुछ प्रदर्शनकारियों ने कुछ पुलिस थानों और सैन्य अड्डों में घुसने की कोशिश की लेकिन सुरक्षाबलों ने उन्हें रोक दिया। प्रदर्शनकारी देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक गैरबराबरी के खिलाफ रैली कर रहे हैं। कुछ प्रदर्शनकारी देश की विदेश नीति को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।