हनीप्रीत की मां ने राखी सावंत को भेजा 5 करोड़ का नोटिस

राखी से 30 दिन के अंदर-अंदर माफी मांगने को कहा है।

(न्यूज़ लाइव नाऊ) नई दिल्ली: रेप के आरोप में जेल की हवा खा रहे गुरमीत राम रहीम पर गंभीर आरोप लगाने वाली बॉलीवुड एक्ट्रेस राखी सावंत को हनीप्रीत की मां ने मानहानि का नोटिस भेजा है। हनीप्रीत की मां आशा तनेजा के वकील मोमिन मलिक राखी को 5 करोड़ रुपये का यह नोटिस भेजा है। इस पर जवाब देने के लिए राखी को 30 दिन का वक्त मिला है, जिसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। राखी ने जेल में बंद गुरमीत राम रहीम को लेकर उनकी मुंहबोली बेटी हनीप्रीत और उनपर कई गंभीर आरोप लगाए थे। राखी सावंत को भेजे गए लीगल नोटिस में हनीप्रीत की मां आशा तनेजा ने राखी से 30 दिन के अंदर-अंदर माफी मांगने को कहा है। आशा तनेजा का आरोप है कि डेरा सच्चा सौदा मामले में राखी ने गलत बयान देकर हनीप्रीत को बदनाम किया है। इस बारे में नोटिस भेजने वाले आशा के वकील मोमिन मलिक ने राखी से उनके बयान वापस लेने को कहा है और ऐसा न करने पर उनके खिलाफ पांच करोड़ रुपये का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। डेरा सच्चा सौदा के मुखिया गुरमीत राम रहीम को बलात्कार के दो मामलों में कुल 20 साल की सजा दी गई है। जेल में सजा काट रहे राम रहीम प्रकरण के दौरान राखी ने कई विवादित बयान दिए थे।

Leave A Reply