पुणे: जेलर और गार्ड पर यरवड़ा जेल में चार कैदियों ने किया हमला

(न्यूज़ लाइव नाऊ) : महाराष्ट्र के यरवड़ा सेंट्रल जेल में चार कैदियों ने जेलर और गार्ड पर हमला कर दिया है। यह घटना उस समय हुई जब बैरकों का औचक निरीक्षण किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार यह घटना बुधवार को हुई। चारों आरोपियों के नाम तुषार हंबीर, किरन भालेराव, अक्षय इंगुलकर और निवृत्ति पवार हैं, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार जेल गार्ड रमेश पिसोले हर दिन की तरह कैदियों के बैरक की जांच कर रहे थे लेकिन जब उन्होंने कैदियों के बिस्तर की जांच करना शुरू की तो हंबीर ने तेजी रजाई को हिलाना शुरू कर दिया। पिसोले ने हंबीर से कहा कि वह आराम से कार्य करें क्योंकि इसे धूल उड़ रही है, जिससे हंबीर नाराज हो गया। इसके बाद हंबीर ने अपने तीन साथियों की मदद से पिसोले पर हमला कर दिया। जब जेलर नागनाथ को इस घटना की जानकारी मिली तो वो भागते हुए बैरक की तरफ पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ गाली-गलौच करने के साथ मारपीट भी की।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में धारा 353 (सरकारी कर्मचारी पर हमला कर या उस पर ताकत का इस्तेमाल कर उसे उसकी ड्यूटी निभाने से रोकने के अपराध में), 323 (सरकारी कर्मचारी पर हमला कर या उस पर ताकत का इस्तेमाल कर उसे उसकी ड्यूटी निभाने से रोकने के आरोप में) और 332 (लोक सेवक अपने कर्तव्य से भयोपरत करने के लिए स्वेच्छया उपहति कारित करना) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

Leave A Reply