हिमाचल प्रदेश: कुल्लू में विधायक सुंदर ठाकुर का ‘प्रैस से मिलिए’ कार्यक्रम, पढ़िए उन्होंने क्या कहा?
मरीजों, शिक्षा ग्रहण करने वाले युवाओं को शिमला में करेंगे रहने व खाने की व्यवस्था
(न्यूज़ लाइव नाऊ) कुल्लू,18 जनवरी (करतार) : कुल्लू विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक सुंदर ठाकुर ने अपने निवास स्थान ‘प्रैस से मिलिए’ कार्यक्रम मेंपत्रकारों से रू-ब-रू होते हुए कहा कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र के रूपी वैली, लगघाटी, महाराजा, खराहल घाटी के लोगों को कुल्लू में करोड़ों रूपये की लागत से बहुउद्देशीय सदन बनाएंगे। उन्होंने घाटी के लोगों से बातचीत करके कुल्लू में जगह तलाश करने की बात कही है। आधूनिक तरीके से बनने वाले इन सामूदायिक भवन में जहां लोग विवाह, शादियों व धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन करेंगे वहीं इन घाटियों से कोचिंग ट्रेनिंग करने वाले युवाओं को इसमें रहने व खाने की सुविधा भी प्रदान की जाएगी ताकि इस महंगाई के जमाने में शिक्षा ग्रहण कर रहे युवाओं को इधर-उधर न भटकना पड़े। उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बाद मेरा यह मुख्य कार्य रहेगा। ‘प्रैस से मिलिए’ कार्यक्रम में विधायक ने भविष्य में कुल्लू के विकास के लिए योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की वहीं, लोहड़ी का त्योहार होने पर खिचड़ी का भी कार्यक्रम रखा था। उन्होंने सर्वप्रथम कुल्लू विधानसभा क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चुनावों के दौरान जो जन समर्थन दिया है उनका मैं ऋृणी हूं। उन्होंनेे कहा कि आज जो मैं विधायक बना हूं यह कुल्लू के लोगों की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि जब मैं चुनाव लड़ रहा था तब मैं एक प्रत्याशी था लेकिन अब मैं कुल्लू का विधायक हूं और बिना किसी भेद-भाव के कुल्लू की जनता का और कुल्लू का विकास एक समान करूंगा। उन्होंने कहा कि मैं एक गरीब परिवार से संबंध रखता हूं, कुल्लू के लोगों ने जो जिम्मेदारी मुझे दी है उसे मैं बखूबी निभाउंगा और कुल्लू के विकास के लिए प्रदेश सरकार से भी मांग करूंगा। उन्हेांने कहा कि जहां विकास की बात होगी तो वे प्रदेश सरकार का समर्थन करेंगे यदि, सरकार विकास की पटरी से उतरेगी तो वे विपक्ष की भूमिका निभाने में भी गूरेज नहीं करेंगे। विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि वे अपने विधायक निधि के भत्ते को गरीब तबके के लोगों के लिए खर्च करेंगे। उन्होंने कहा कि कुल्लू विधानसभा क्षेत्र का कोई भी गरीब पैसे के अभाव में इलाज से वंचित नहीं रहेगा। यही नहीं कुल्लू से शिमला तक का खर्चा व रहने का प्रबंध भी अपने वेतन के भत्ते से करेंगे। मरीजों के साथ आए तीमारदार, शिमला में इंटरव्यू देने आए युवाओं को विधायक आवास सदन में रहने खाने का भी प्रबंध करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री स्व. राजकृष्ण गौड़ की परंपरा को वह फिर से शुरू करेंगे। परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि जब स्व. राजकृष्ण गौड़ मंत्री थे तो वे कुल्लू विधानसभा क्षेत्र से जो लोग शिमला में उनसे विकासात्मक कार्य करने के लिए आते थे सबसे पहले वे उनके रहने, खाने-पीने की व्यवस्था करते थे। उसी तरह उनकी परंपरा को फिर से शुरू करूंगा जो कि खासकर युवाओं के लिए सार्थक साबित होगी। उन्होंने कहा कि शिमला में जिस भी विभाग से यहां के लोगों को जो भी कार्य होगा या किसी भी विभाग से संबंधित इंटरव्यू होगा उनके पास पहुंचें। युवाओं को रहने, खाने के साथ गाईड भी करेंगे। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला को पर्यटन की दृष्टि से बढ़ावा देंगे। मेरा मकसद टूरिज्म में सबसे बड़ा फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि कुल्लू में दर्जनों परियोजनाएं हैं। परियोजना के लिए बने बांधों में वाटर स्पोर्टस की सुविधा प्रदान की जाएगी ताकि विद्युत उत्पादन के साथ-साथ यहां के युवाओं को वाटर स्पोर्टस शुरू होने से रोजगार का प्रावधान भी होगा। उन्होंने कहा इस योजना के लिए वे शीघ्र प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलेंगे और पार्वती जलविद्युत परियोजना (एनएचपीसी) व अन्य परियोजनाओं के आला अधिकारियों से भी बैठक करेंगे।