तेल की कीमतों पर नियंत्रण के लिए साथ आए भारत और चीन
कच्चे तेल खरीदी के मामले में भारत चीन और दक्षिण कोरिया साथ मिलकर तेल उत्पादक देशों पर दबाव बना रहे हैं
(न्यूज़ लाइव नाऊ) : सीमा पर भारत और चीन के रिश्ते के बीच भले ही कड़वाहट हो लेकिन तेल खरीद के मामले में दोनों देश मिलकर तेल उत्पादक देशों में दबाव बनाने की कोशिश में हैं। भारत और चीन के साथ इस कोशिश में दक्षिण कोरिया भी शामिल है।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी होने के कयास के मद्देनजर यह तीनों देश मिलकर तेल उत्पादक देशों पर दबाव बनाने की योजना बना रहे हैं। अप्रैल 2018 में भारत में इंटरनेशनल एनर्जी फोरम की बैठक होनी है जिसमें तीनों देश मिलकर तेल उत्पादक देशों के सामने या दबाव बनाने की कोशिश करेंगे। तीनों देशों की दलील है की ये तीनों देश सबसे बड़े तेल खरीदार देश हैं इसलिए उन्हें कीमत में थोड़ी राहत मिलनी चाहिए। भारत में अप्रैल में हो रहे इंटरनेशनल एनर्जी फोरम की बैठक अभी तक की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय तेल व गैस उत्पादक और उपभोक्ता देशों का सम्मेलन होगा। इस बैठक में 50 देशों के ऊर्जा मंत्री हिस्सा लेंगे जिनमें से कईयों के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी जो आने वाले दिनों में भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिए बेहद अहम होगी।