सीएम योगी बोले- लड़का और लड़की में भेदभाव करने से समाज में पैदा होती है विकृति

(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शिक्षा इकाई विद्या भारती द्वारा आयोजित शिविर ‘समुत्कर्षा’ में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए.  इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शैक्षिक संगठन विद्या भारती का काम सराहनीय है.

उन्होंने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में महिलाओं के स्वावलंबन के लिए सभी 60,000 ग्राम पंचायतों में स्वयंसेवी समूहों का गठन किया गया है. इनके माध्यम से महिलाओं के लिए तैयार योजनाओं को लागू किया जाएगा.  मुख्यमंत्री ने कहा , अक्सर हम देखते हैं कि लड़का और लड़की के बीच भेदभाव परिवार से ही शुरू होता है. कुछ लोग लड़कों की शिक्षा आदि पर लड़कियों से अधिक ध्यान देते हैं. समाज में विकृति यहीं से पैदा होती है.

योगी आदित्यनाथ ने कहा, जो लोग कहते हैं कि लड़कियों को पढ़ाने से क्या होगा. उनसे मैं कहता हूं कि कौन सा ऐसा क्षेत्र है जहां भारत की महिलाओं ने एक नया नेतृत्व न दिया हो. उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई, दुर्गावती व अहिल्या बाई के जीवन से लड़कियों को प्रेरणा लेनी चाहिए. सीएम योगी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए हमारी सरकार ने कई कदम उठाए हैं. पीएम मोदी के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान का जबरदस्त असर दिख रहा है.

दुनिया की सबसे सशक्त विदेश मंत्री के रूप में सुषमा स्वराज का नाम कौन सम्मान से नहीं लेता है. सबसे सशक्त लोकसभा अध्यक्ष के रूप में सुमित्रा महाजन का नाम कौन नहीं लेता है और महिला सशक्तिकरण के रूप में रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण को कौन नहीं देख रहा है.

उन्होंने कहा कि पूरे देश में विद्या भारती जैसे शैक्षणिक संस्थान शिक्षा की गुणवत्ता के साथ ही शिक्षा को संस्कारों से साथ जोड़ने, उसे राष्ट्रीयता के साथ जोड़ने का कार्य कर रहे हैं. यह न केवल सराहनीय है, बल्कि अन्य संस्थाएं भी इसे अपनाएंगी, ऐसा मुझे विश्वास है. मुख्यमंत्री ने विद्या भारती द्वारा प्रकाशित पुस्तिकाओं का भी विमोचन किया. जिनमें भारत की सफल महिलाओं की गाथा का उल्लेख किया गया है.

Leave A Reply