दिग्गज अभिनेता जितेंद्र पर उनकी ‘बहन’ ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप।

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता जितेंद्र के ऊपर यौन उत्पीड़न (सेक्शुअल हरासमेंट) का आरोप लगा है।

(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) नई दिल्ली: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता जितेंद्र के ऊपर यौन उत्पीड़न (सेक्शुअल हरासमेंट) का आरोप लगा है। हैरान करने वाली बात है कि उनके ऊपर यह आरोप किसी और ने नहीं, बल्कि खुद उनकी ममेरी बहन ने लगाया है। बुधवार को जितेंद्र के खिलाफ पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें ये आरोप है कि 47 साल पहले जितेंद्र ने उनका यौन शोषण किया था। जितेन्द्र, जिनका असली नाम रवि कपूर है, वो शिकायतकर्ता के ममेरा भाई हैं। जितेंद्र के खिलाफ हिमाचल प्रदेश डीजीपी ऑफिस के समक्ष शिकायत की गई है। शिकायत के मुताबिक, यह घटना जनवरी 1971 की है, जब पीड़ित 18 साल की थी और जितेंद्र 28 साल के थे। शिकायतकर्ता ने कहा कि जितेंद्र ने पीड़ित के लिए नयी दिल्ली से शिमला आने की ‘व्यवस्था’ की थी ताकि वह उस सेट पर आ सके जहां वह एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। बता दें कि अभी जितेंद्र 75 साल के हैं और उन्होंने अपने फिल्मी करियर में एक से बढ़कर एक कई हिट फिल्में दी हैं। शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि रात में शिमला पहुंचने पर जितेंद्र नशे की हालत में उसके कक्ष तक पहुंचे तथा दो बिस्तरों को आपस में जोड़ा और उसका यौन उत्पीड़न किया। हालांकि, अभिनेता ने इस बात से इनकार किया कि ऐसी कोई घटना हुई थी और इस आरोप को निराधार बताया। बता दें कि #MeToo जैसे नारीवादी जागरुकता अभियानों के बाद, अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न जैसे मामलों पर एक्ट्रेस से लेकर आम लड़कियां तक बोलने लगी हैं। बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड की एक्ट्रेसेस ने समय-समय पर अपने साथ हुए दुर्व्यवहार का मुखरता से रखा है।

Leave A Reply