(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) : यूको बैंक में करोड़ों रुपये की चोरी की वारदात को चोरों ने बहुत शातिराना तरीके से अंजाम दिया। घटना के दौरान तीनों चोर करीब पांच घंटे तक बैंक के भीतर रहे। इत्मिनान से लॉकर तोड़कर सामान समेटने के बाद वे भाग निकले।सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने से पता चलता है कि घटना 29 अप्रैल की रात को अंजाम दी गई। रात करीब 11.33 मिनट पर चोर पीछे की खिड़की से चेक क्लियरेंस सेल के चैंबर में घुसे। इसके बाद वह टॉर्च जलाकर स्टांग रूम के बाहर दरवाजे के पास पहुंचे। यहां कैमरा नंबर छह लगा हुआ था। इसकी फुटेज देखने से पता चलता है कि पहले एक चोर आकर स्ट्रांग रूम के पास खड़ा हो जाता है।कुछ देर बाद दूसरा बदमाश टॉर्च जलाते हुए वहां पहुंचता है। इसके बाद दूसरा बदमाश किसी की ओर इशारा करता है और फिर कैमरा बंद हो जाता है। पुलिस का मानना है कि बदमाश अपने उस साथी की ओर इशारा करता है जो फुटेज में नहीं दिख रहा है। उसके कहने पर ही तीसरे बदमाश ने सीसीटीवी कैमरे का कनेक्शन काट दिया। हालांकि हॉल में लगे कैमरे में 4.20 मिनट तक रिकॉर्डिंग हुई है। जांच में जुटी टीमों का मानना है कि बदमाश 29 अप्रैल की रात 11.33 बजे से लेकर 30 अप्रैल की भोर में 4.20 बजे तक बैंक में रहे। इसलिए कहा जा रहा है कि बदमाश बैंक के भीतर करीब पांच घंटे मौजूद रहे।चीफ मैनेजर मयंक सिंह ने जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस को बताया कि चोर जिस चैंबर से बैंक में दाखिल हुए, वहां बैंक का इंटरनल इंट्रानेट सिस्टम भी स्थापित था। जांच के दौरान यहां के केबल तो क्षतिग्रस्त मिले ही, दो मोडम भी गायब मिले। मयंक ने बताया कि हो सकता है कि चोरों ने इसे सीसीटीवी कैमरा कंट्रोल यूनिट समझा हो। इसी वजह से केबल क्षतिग्रस्त कर जाते वक्त चोर दो मोडम मशीनें भी साथ ले गए। चीफ मैनेजर ने बताया कि जब तक इंट्रानेट सिस्टम फिर से व्यवस्थित नहीं होता, बैंक संबंधी कार्यों नहीं किए जा सकते।