कुल्लू : अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अक्षय सूद ने बताया कि कुल्लू जिला के सभी दूरदराज क्षेत्रों के लोगों के लिए बरसात से पहले राशन, दवाईयां और अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, ताकि मानसून के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की कठिनाईयों का सामना न करना पड़े। मानसून सीजन के लिए विशेष प्रबंधांे को लेकर वीरवार को जिला के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीएम ने यह जानकारी दी।
एडीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों, नगर परिषद तथा पंचायतीराज संस्थाओं के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि बंद पड़ी नालियों की सफाई के लिए वे विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए जिला, उपमंडल और ग्राम स्तर पर बचाव दल गठित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सेना और अर्द्धसैनिक बलों के साथ समन्वय स्थापित करके आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सहयोग लिया जाएगा। अक्षय सूद ने बताया कि कुल्लू जिला में 27 जून को नालियों की सफाई और भू-स्खलन व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जमा मलबा हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
इस अभियान के दौरान जिला के उन स्थलों को चिह्नित किया जाएगा जिनमें बरसात के सीजन में भू-स्खलन और बाढ़ से अधिक प्रभावित होता है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, आईपीएच विभाग को प्रभावित क्षेत्रों के लिए पर्याप्त मशीनरी तैयार रखने के निर्देश दिए। एडीएम ने बताया कि बरसात के सीजन में जिला के अधिकारी वर्षा, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान का आकलन प्रतिदिन जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला प्रशासन को रिपोर्ट देंगे। इस बैठक में एसडीएम मनाली रमन घरसंगी, एसडीएम बंजार एमआर भारद्वाज, लोक निर्माण विभाग के एसई अनिल संगराई, डीएसपी आशीष शर्मा और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।