हिमाचल में भीषण सड़क हादसा: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, मां-बेटे समेत 4 की मौत, चालक गंभीर घायल

(न्यूज़लाइवनाउ-Himachal Pradesh) हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। टापरी-जानी संपर्क मार्ग पर अनियंत्रित होकर एक कार करीब 150 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे भावानगर क्षेत्र में हुआ। जानकारी के मुताबिक, कार (HP 26B-8999) में पांच लोग सवार होकर टापरी से जानी गांव की तरफ जा रहे थे। रास्ते में टापरी से कुछ दूरी पर स्थित एक टावर के पास चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और टापरी पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। दुर्गम रास्ते और खड़ी ढलान के बीच राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद सभी पांच लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। हालांकि, चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। घायल चालक को उपचार के लिए जेएसडब्ल्यू अस्पताल टापरी ले जाया गया।

हादसे में मां-बेटे और ननद समेत 4 की मौत

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान कृष्णा (42), उनके बेटे हिमेश कुमार (19), सुषमा (47) और इंद्र लाल (30) के रूप में हुई है। कृष्णा और हिमेश आपस में मां-बेटे थे। वहीं, सुषमा उनकी ननद थीं। इंद्र लाल भी जानी गांव के निवासी थे और घायल चालक विद्या कृष्ण के छोटे भाई थे।

कार चला रहे विद्या कृष्ण (32) हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। भावानगर के डीएसपी एवं कार्यवाहक एसपी राजकुमार ने चार लोगों की मौत और एक व्यक्ति के घायल होने की पुष्टि की। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

सड़क पर सुरक्षा इंतजामों की कमी पर उठे सवाल

इस दुर्घटना के बाद टापरी-जानी संपर्क मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहाड़ी पर बनी लगभग छह किलोमीटर लंबी इस सड़क पर कई स्थानों पर क्रैश बैरियर और पैरापिट तक नहीं लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क किनारे पर्याप्त सुरक्षा अवरोध होते तो शायद चार लोगों की जान बचाई जा सकती थी।

हादसे की खबर जानी गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। गांव के लोग शिवरात्रि की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन अचानक मिली इस सूचना ने उत्सव के माहौल को मातम में बदल दिया। एक ही परिवार के सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

टापरी श्मशानघाट में एक साथ जलीं 3 चिताएं

पोस्टमार्टम के बाद तीन मृतकों कृष्णा, हिमेश और इंद्र लाल के शव टापरी श्मशानघाट ले जाए गए, जहां तीनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, सुषमा का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए निचार ले जाया गया। इस हृदयविदारक घटना से गांव में हर आंख नम नजर आई।

प्रशासन ने मृतकों और घायल के परिवार को दी आर्थिक सहायता

हादसे के बाद भावानगर उपमंडल प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराई। एसडीएम नारायण चौहान के मुताबिक, मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये और घायल व्यक्ति के परिवार को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भावानगर के पास जानी लिंक रोड पर हुए हादसे में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की। साथ ही घायल व्यक्ति के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

Comments are closed.