कुल्लू : सांसद रामस्वरूप शर्मा ने शुक्रवार को लगघाटी में नागूझौड़ से माशना-थाच सड़क का विधिवत उदघाटन करके इस मार्ग पर एचआरटीसी की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इसी क्षेत्र में गांव दोघरी के लिए एंबुलैंस योग्य सड़क का भी लोकार्पण किया।
गांव थाच में जनसभा को संबोधित करते हुए रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि नागूझौड़-माशना-थाच सड़क पर अब नियमित रूप से एचआरटीसी की बस चलाई जाएगी। इस सड़क के सुदृढ़ीकरण व पक्का करने के लिए 6 करोड़ 30 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सड़कों के निर्माण व सुदृढ़ीकरण के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 80 करोड़ और नाबार्ड के तहत 17 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है। इसके अलावा वह इस क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए अपनी सांसद निधि से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र के कुल 17 विधानसभा क्षेत्रों में पीएमजीएसवाई के तहत सड़क निर्माण के लिए 2000 करोड़ से अधिक धनराशि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि माशना क्षेत्र में बीएसएनएल के टाॅवर की संभावनाएं तलाशी जाएंगी और इस क्षेत्र का चहुमुखी विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने गांव में रास्ते के निर्माण के लिए अपनी सांसद निधि से डेढ लाख रुपये देने का ऐलान भी किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजयेंद्र सेन और पंचायत उपप्रधान यशवंत सिंह ने सांसद का स्वागत किया तथा क्षेत्र की विभिन्न मांगों उनके समक्ष रखीं।
उधर, दोघरी में भी जनसभा को संबोधित करते हुए रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि दोघरी-समाना सड़क के निर्माण के लिए पीएमजीएसवाई के तहत 4.42 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। दोघरी तक एंबुलेंस योग्य सड़क के चालू हो जाने से क्षेत्रवासियों को काफी सुविधा होगी। अब इस सड़क को समाना, त्यून, समांलग तक पहुंचाकर दूरदराज के गांवों के लोगों को लाभान्वित किया जाएगा। डुबकन-फलाण सड़क के लिए 4.92 करोड़ और जठानी सड़क के लिए 1.92 करोड़ सहित लगघाटी की अन्य सड़कों के लिए भी करोड़ों की धनराशि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने मानगढ़ पंचायत में विभिन्न कार्यों के लिए एक लाख रुपये और शक्ति महिला मंडल को बीस हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
इस मौके पर पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजयेंद्र सेन, मानगढ़ के प्रधान श्रवण लाल ने सांसद का स्वागत किया तथा क्षेत्र की विभिन्न मांगों उनके समक्ष रखीं। जनसभा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अमित सूद, मंडल मीडिया प्रभारी राजेंद्र शर्मा और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे। इसके बाद सांसद ने देर शाम पाहनाला के निकट शिलग पधर संपर्क मार्ग का भूमि पूजन भी किया।