इंफोसिस नोएडा में स्थापित करेगी सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट सेंटर, 5000 लोगों को मिलेगा रोजगार
मोदी ने एक कार्यक्रम में इंफोसिस द्वारा उत्तर प्रदेश में उपस्थिति बढ़ाने की प्रशंसा की। राज्य सरकार ने इसके लिए कंपनी को नोएडा सेक्टर-85 में 27।5 एकड़ की जमीन आवंटित की है।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : उत्तर प्रदेश के नोएडा में सॉफ्टवेयर क्षेत्र की अग्रणी कंपनी इंफोसिस 750 करोड़ रुपए की लागत से एक सॉफ्टवेयर विकास केंद्र की स्थापना करेगी। कंपनी ने रविवार को यह जानकारी दी। बेंगलुरु स्थित अग्रणी आईटी कंपनी ने एक बयान में कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले चरण के अंतर्गत नोएडा में 750 करोड़ रुपए के निवेश की हमारी परियोजना की प्रशंसा की, जिसके अंतर्गत 5000 तकनीकी विशेषज्ञों को काम मिलेगा। मोदी ने एक कार्यक्रम में इंफोसिस द्वारा उत्तर प्रदेश में उपस्थिति बढ़ाने की प्रशंसा की। राज्य सरकार ने इसके लिए कंपनी को नोएडा सेक्टर-85 में 27।5 एकड़ की जमीन आवंटित की है। इंफोसिस के मुख्य कार्यकारी सलील पारेख ने इस अवसर पर कहा कि, “हम गौरवान्वित हैं कि मोदी ने नोएडा में हमारे आगामी प्रतिष्ठान की सराहना की है, जो कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में हमारी उपस्थिति बढ़ाने और बाजार में उपलब्ध प्रतिभाओं का लाभ उठाने के प्रयास का एक भाग है।” सिंगापुर स्थित आरएसपी डिजायन कंसल्टेंट्स नोएडा में इस प्रतिष्ठान के डिजायन का काम करेगी।