मुंबई. न्यू टीवी सीरियल ‘ढाई किलो प्रेम’ इसकी लीड एक्ट्रेस अंजलि आनंद की वजह से टेलिकास्ट होने के पहले से ही चर्चा में हैं। यह सीरियल दो मोटे लोगों की लव स्टोरी पर बेस्ड है। इसके लिए मेकर्स अंजलि पर और वजन बढ़ाने का प्रेशर बना रहे थे। इस समय अंजलि का वजन 108 किलो है। यह वजन भी उन्होंने इस शो के लिए ही बढ़ाया है। इसलिए उन्होंने और वजन बढ़ाने से मना कर दिया है। हाल ही में dainikbhaskar.com ने अंजलि से खास बातचीत की। ‘ढाई किलो प्रेम’ से डेब्यू कर रही हैं अंजलि…अंजलि बताती हैं, “ढाई किलो प्रेम की कहानी दो ऐसे लोगों पर आधारित है जिनका वजन बहुत ज्यादा है। इनका मानना है कि अगर हम मोटे हैं तो क्या हुआ। हम किसी से कम तो नहीं हैं। फिर हम अपने मोटापे को लेकर शर्मिंदा क्यों हों। इस शो की खास बात ये है कि सीरियल के लिए मेरे को-स्टार मेहरजान माजदा ने भी अपना वजन बढ़ाया है।”
अंजलि बताती हैं, ” मेरी हाइट 6 फुट है और वजन भी उसी अनुसार है। लिहाजा मेरी माप के कपड़े और जूते यहां नहीं मिलते हैं। मुझे अपने लिए लंदन से शॉपिंग करनी पड़ती है। मुझे टीवी देखने का भी बहुत शौक है। मैं घंटों टीवी देख सकती हूं। मैंने 2013 से एक्टिंग शुरू की थी। साथ ही मैंने कुछ प्रोडक्ट के लिए मॉडलिंग भी की है।”