Amazon के जेफ़ बेज़ोस स्कूली बच्चों और बेघरों के लिए 14,400 करोड़ रुपए दान देंगे
पिछले साल उन्होंने ट्विटर पर सुझाव भी मांगे थे कि वो अपनी निजी संपत्ति का इस्तेमाल कैसे करें?
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : मेजन के सीईओ जेफ बेजोस बेघर लोगों और स्कूली बच्चों की मदद के लिए 14400 करोड़ रुपए (2 अरब डॉलर) डोनेट करेंगे। उन्होंने इसे डे वन फंड नाम दिया है। यह राशि जरूरतमंद छात्रों को स्कॉलरशिप और दूसरे खर्चों के लिए दी जाएगी।
बेजोस अप्रवासी बच्चों, कैंसर रिसर्च और शिक्षा के लिए पहले चैरिटी कर चुके हैं। पिछले साल उन्होंने ट्विटर पर सुझाव भी मांगे थे कि वो अपनी निजी संपत्ति का इस्तेमाल कैसे करें? सामाजिक कार्यों पर कम राशि खर्च करने के लिए हाल ही में उनकी निंदा हुई थी। अमेरिकी सांसद बर्नी सेन्डर्स ने अमेजन के वेयरहाउसों में काम करने वाले कर्मचारियों की हालत पर चिंता जताई थी। दो अरब डॉलर दान देने के बाद भी बेजोस बिल गेट्स और मार्क जकरबर्ग से काफी पीछे हैं। जकरबर्ग फेसबुक में उनके 99% शेयर डोनेट करने का ऐलान कर चुके हैं। बेजोस दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी हैं। उनकी संपत्ति 164 अरब डॉलर है। यह मार्क जकरबर्ग की नेटवर्थ 63.9 अरब डॉलर से करीब 100 अरब डॉलर ज्यादा है।अमेजन के शेयर में तेजी से बेजोस की संपत्ति 9 महीने में 64.5 अरब डॉलर बढ़ी है। वे लंबे समय से दुनिया के अमीर कारोबारियों की लिस्ट में टॉप पर बने हुए हैं। अमेजन 4 सितंबर को 1 ट्रिलियन डॉलर (71 लाख करोड़ रुपए) मार्केट कैप वाली अमेरिका की दूसरी और दुनिया की तीसरी कंपनी बन गई। शेयर बाजार बंद होने पर इससे नीचे आ गया। अमेजन के शेयर ने पिछले एक साल में 99% रिटर्न दिया।