भोपाल : राहुल गांधी के रोड-शो के प्रचार में कटआउट से दिग्विजय सिंह हैं ग़ायब।
बीजेपी प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस में हर कोई मुख्यमंत्री बनना चाहता है। इसी कारण ऐसा हुआ है और कमलनाथ और सिंधिया ने खुद को दिखाने के लिए दिग्विजय का कटआउट नहीं लगवाया।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में होने वाली राहुल गांधी की रैली से पहले बवाल मच गया है। यहां कांग्रेस की गुटबाजी साफ तौर पर नजर आ रही है। दरअसल, सभास्थल से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कटआउट गायब हैं। राहुल गांधी की सभा भेल के दशहरा मैदान में होने वाली है। यहां राहुल के साथ कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, विवेक तन्खा, सुरेश पचौरी, अजय सिंह, अरुण यादव और कांतिलाल भूरिया के कटआउट तो लगे हैं लेकिन दिग्विजय के कटआउट गायब हैं। ये कट आउट 25 से 26 फीट के हैं। वहीं यह मामला सामने आने के बाद बवाल मच गया है। एक ओर जहां कांग्रेस इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही हैं तो वहीं बीजेपी को निशाना साधने का मौका मिल गया है। बीजेपी प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस में हर कोई मुख्यमंत्री बनना चाहता है। इसी कारण ऐसा हुआ है और कमलनाथ और सिंधिया ने खुद को दिखाने के लिए दिग्विजय का कटआउट नहीं लगवाया। सुबह 11।30 बजे राहुल गांधी विशेष विमान से भोपाल पहुंचेंगे। हवाईअड्डे से वह सीधे लाल घाटी चौराहे पर पहुंचेंगे। लालघाटी से दोपहर 12 बजे उनका रोड शो शुरू होगा, जो लालघाटी से वीआईपी गेस्ट हाउस, इमामी गेट, सदर मंजिल, कमला पार्क, पॉलिटेक्निक चौराहा, बाण गंगा, रोशनपुरा चौराहा, अपेक्स बैंक, पीसीसी, ज्योति टॉकीज, चेतक ब्रिज, कस्तूरबा नगर तिराहे से अन्ना नगर होता हुआ दशहरा भेल मैदान पहुंचेगा। रोड शो के बाद राहुल गांधी भेल के दशहरा मैदान में बीस हजार कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर चुनावी मंत्र देंगे।