हिमाचल प्रदेश : बिलासपुर में भाखड़ा, चंबा में चमेरा और मंडी में कोल बांध पर शुरू होंगी जल परिवहन सेवाएं

इन तीनों बांधों पर जल परिवहन सुविधाएं विकसित करने को 26.10 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : प्रदेश सरकार हिमाचल में जल परिवहन सेवा शुरू करने जा रही है। पहले चरण में यह सेवा बिलासपुर में भाखड़ा, चंबा में चमेरा और मंडी स्थित कोल बांध में सेवा शुरू की जाएगी। जल परिवहन की संभावनाओं पर आईटी मैरीटाइन प्राइवेट लिमिटेड एजेंसी ने विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है। इन तीनों बांधों पर जल परिवहन सुविधाएं विकसित करने को 26.10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर ने यह जानकारी जल परिवहन पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों और जिला उपायुक्तों से कहा कि वे इस पर आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि इस परियोजना को शीघ्र अमलीजामा पहनाया जा सके।उन्होंने कहा कि परामर्श एजेंसी की ओर से सौंपी रिपोर्ट के अनुसार भाखड़ा बांध पर 91 किलोमीटर, कोल बांध में 52 और चमेरा में 27 किलोमीटर में जल परिवहन सुविधा मिलेगी। रिपोर्ट में भाखड़ा बांध पर 21.86 करोड़, चमेरा पर 2.69 करोड़ और कोल बांध पर 1.55 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।भारतीय जल मार्ग प्राधिकरण के तकनीकी सदस्य एसके कंग ने बैठक में जल मार्ग परिवहन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्राधिकरण के निदेशक तकनीकी एके मिश्रा ने भी विस्तृत प्रस्तुति दी।पौंग बांध और प्रदेश की अन्य नदियों व बांधों में भी जल परिवहन सुविधा की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। प्रदेश में नदियों के किनारे बसे शहरों कुल्लू, मनाली और मंडी में बढ़ते यातायात से निपटने के लिए यहां जल परिवहन की संभावनाएं तलाशने को कहा गया है।

Leave A Reply