बाढ़ के कारण कुल्लू ज़िल्ले में 200 करोड़ का नुकसान
लोक निर्माण विभाग के अलावा आईपीएच का भी काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने दावा किया है कि विभाग ने अधिकांश इलाकों में पानी आपूर्ति बहाल कर दी है।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : वन, परिवहन एवं युवा सेवाएं मंत्री गोविंद ठाकुर ने बुधवार को बाढ़ से प्रभावित इलाकों का दौरा किया और नुकसान का जायजा लिया। इसके बाद सभी विभागों के साथ बैठक का आयोजन किया। उन्होंने सभी विभागों को प्राथमिकता के आधार पर मूलभूत सुविधाएं जुटाने के निर्देश दिए।बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि अभी तक बाढ़ के कारण जिला कुल्लू में करीब 200 करोड़ से अधिक संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। लोक निर्माण विभाग के अलावा आईपीएच का भी काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने दावा किया है कि विभाग ने अधिकांश इलाकों में पानी आपूर्ति बहाल कर दी है। कहा कि बिजली बोर्ड को भी दो करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। इलाके में सभी चीजें सामान्य करने के लिए विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। सभी विभागों को तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि मुश्किल समय में सभी का सहयोग की उम्मीद है। लाहौल-स्पीति में फंसे लोगों को रेस्कयू करने के लिए ऑपरेशन चला हुआ है। जल्द सभी को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा। सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा पर प्रदेश सरकार ने बेहतर कार्य किया। उन्होंने प्रशासन के आपसी समन्वय के साथ किए कार्य की भी सराहना की। कहा कि आपदा की घड़ी में शासन व प्रशासन ने बेहतरीन तरीके से काम करते हुए त्वरित राहत पहुंचाई है। जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई का प्रयास प्रदेश सरकार कर रही है। साथ ही केंद्र से भी सहायता की मांग की जाएगी। बताया कि आपदा की इस घड़ी में वह भी प्रभावित स्थलों का दौरा कर जायजा ले रहे हैं। उन्होंने प्रभावितों की हरसंभव सहायता करने का आश्वासन दिया।