#MeToo को ले कर बोले राज ठाकरे : नाना अभद्र आदमी हैं लेकिन ऐसा काम नहीं कर सकते
ठाकरे ने कहा कि ऐसा लगता है कि पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतें, रुपए की कम होती वैल्यू और बेरोजगारी से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए यह सब किया जा रहा है
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता के नाना पाटेकर पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने पहली बार मामले से संबंधित बयान दिया है। ठाकरे ने कहा कि मैं जानता हूं कि नाना अभद्र हैं, वह कई बार पागलों जैसी हरकत करते हैं लेकिन मुझे विश्वास है कि वह ऐसा काम नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि मामला कोर्ट में है और कोर्ट इस मामले को अपने हिसाब से देखेगा। मीडिया को इस मामले से क्या लेना-देना है?मनसे के पास आ सकती हैं पीड़िता : उन्होंने कहा कि #MeToo एक सीरियस मामला है और इस पर ट्विटर पर डिबेट करना सही नहीं है। ठाकरे ने कहा कि ऐसा लगता है कि पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतें, रुपए की कम होती वैल्यू और बेरोजगारी से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए यह सब किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन औरतों के साथ छेड़छाड़ हुई है या उनका यौन उत्पीड़न हुआ है वह मनसे के पास आ सकती हैं। इसके बाद हम आरोपियों को सबक सिखा देंगे। ठाकरे ने कहा कि उत्पीड़न की शिकार हुई महिलाओं को 10 साल बाद की बजाए तुरन्त अपनी आवाज उठानी चाहिए।गौरतलब है कि तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर पर आरोप लगाया था कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान 2008 में उन्होंने उनके साथ छेड़छाड़ की थी। तनुश्री के नाना पाटेकर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद राज ठाकरे की पार्टी मनसे के कार्यकर्ताओं ने तनुश्री पर हमला बोल दिया था। तनुश्री द्वारा नाना के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद मनसे कार्यकर्ताओं ने भी तनुश्री के खिलाफ केस दर्ज करा दिया था।