सिग्नेचर ब्रिज विवाद: मनोज तिवारी की शिकायत पर अमानतुल्लाह खान और केजरीवाल के खिलाफ FIR

'आप' की तरफ से कहा गया है कि जो एफआइआर मनोज तिवारी पर होनी चाहिए थी वह केजरीवाल पर की गई है।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन के दौरान भाजपा के उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और ‘आप’ के ओखला से विधायक अमानतुल्ला खान व कार्यकर्ताओ के बीच हुआ विवाद शांत होता नहीं दिख रहा है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने IPC की 6 धाराओं के तहत केस दर्ज कराया है। एफआइआर में ‘आप’ विधायक अमानतुल्लाह खान के अलावा दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का भी नाम है। पूरे मामले की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है और आने वाले वक्त में जिन जिन लोगों के खिलाफ नामजद एफआइआर दर्ज की गई है उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खलाफ एफआइआर दर्ज होने पर आम आदमी पार्टी ने नाराजगी जताई है। ‘आप’ की तरफ से कहा गया है कि जो एफआइआर मनोज तिवारी पर होनी चाहिए थी वह केजरीवाल पर की गई है। ‘आप’ के अनुसार तिवारी सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन कार्यक्रम में बिना बुलाए गए थे और सरकारी कार्यक्रम में व्यवधान किया था। मगर पुलिस ने हमारी शिकायत पर गौर नहीं किया। बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को ‘आप’ के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक से मुलाकात की थी और भाजपा सांसद व कार्यकर्ताओं के खिलाफ लिखित शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की थी। ‘आप’ कार्यकर्ता ने जो एफआइआर दर्ज करवाई है उसमें भाजपा कार्यकर्ताओं और सांसद मनोज तिवारी का नाम दर्ज है। ये केस भी लोकल पुलिस से क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर किया गया है। ‘आप’ कार्यकर्ता तौकीर खान की शिकायत IPC 323,341,506, 34 के तहत मनोज तिवारी और अन्य के खिलाफ केस दर्ज हुआ है । ‘आप’ के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सांसद व भाजपा कार्यकर्ताओं पर मुख्यमंत्री व मंत्रियों के साथ मारपीट करने की कोशिश का आरोप लगाया था। वहीं, सिग्नेचर ब्रिज विवाद प्रकरण में दर्ज किए गए तीन मुकदमों में क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार से जांच शुरू कर दी थी। क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी का कहना था कि जल्द ही तीनों मुकदमों में शक के दायरे में आने वाले भाजपा व ‘आप’ नेताओं व कार्यकर्ताओं को पूछताछ में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा जाएगा।

Leave A Reply