क्या अपने शहर में ठंड आपको लगती है ज्यादा ? दुनिया का सबसे ठंडा शहर है ये !
ठंड का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि साल के 365 में से 270 दिन बर्फ जमी रहती है।1 लाख 75 हजार की आबादी वाले नॉरिल्स्क शहर का ठंड के दिनों में न्यूनतम तापमान -61 डिग्री सेल्सियस है
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : रूस के साइबेरिया स्थित नॉरिल्स्क शहर को दुनिया का सबसे ठंडा शहर माना जाता है। यहां के निवासी दो महीने तक (दिसंबर-जनवरी) सूर्योदय नहीं देख पाते। ठंड का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि साल के 365 में से 270 दिन बर्फ जमी रहती है।1 लाख 75 हजार की आबादी वाले नॉरिल्स्क शहर का ठंड के दिनों में न्यूनतम तापमान -61 डिग्री सेल्सियस है, जबकि औसत तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस रहता है।कुछ लोगों का मानना है कि साइबेरिया स्थित याकुत्स को ज्यादा ठंडा मानते हैं। यहां पर ठंड के दिनों में तापमान -41 डिग्री सेल्सियस होता है और गर्मियों में भी नॉरिल्स्क की तुलना में ज्यादा टेम्परेचर होता है।एक ब्लॉगर विन्जे मिकलोस के मुताबिक, साल के 270 दिन नॉरिल्स्क में बर्फ जमी रहती है। हर तीसरे दिन यहां लोगों को बर्फीले तूफान का सामना करना पड़ता है। रूस की राजधानी मॉस्को से नॉरिल्स्क करीब 2900 किमी दूर स्थित है। आर्कटिक वृत्त से शहर 300 किमी उत्तर में है। यहां पहुंचने के लिए सड़क नहीं है। यहां केवल विमान या नौका से पहुंचा जा सकता है। शहर इस कदर रूस से कटा है कि लोग भी बाकी देश को मेनलैंड कहकर ही संबोधित करते हैं।नॉरिल्स्क भले ही दुनिया से कटा हो लेकिन यहां पब्लिक ट्रांसपोर्टेशन, कैफे, चर्च, बार, आर्ट गैलरी और थिएटर समेत आधुनिक दौर की सभी चीजें मौजूद हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक- नॉरिल्स्क में दुनिया का सबसे बड़ा निकल, प्लेटिनम और पैलेडियम का भंडार है।
लिहाजा यह रूस का सबसे अमीर शहर है। लोगों के पास दौलत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 28 ग्राम पैलेडियम की कीमत एक हजार डॉलर (करीब 70 हजार रुपए) है। खनिजों को निकालने और साफ करने के लिए एक ही कंपनी है-नॉरिल्स्क निकल। पूरे रूस की जीडीपी में इसकी 2% हिस्सेदारी है। बड़े पैमाने पर माइनिंग-रिफाइनिंग के चलते नॉरिल्स्क को दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में से एक माना जाता है। नेशनल जियोग्राफिक के मुताबिक- हवा में सल्फर डाइऑक्साइड की मात्रा इतनी ज्यादा है कि करीब 30 किमी के दायरे की वनस्पति खत्म हो गई है। लोगों को ताकीद दी गई है कि उच्च विषाक्तता के चलते बेरी या मशरूम न तोड़ें। खनन के चलते दाल्दीकन नदी का पानी लाल हो गया है। द टाइम्स के मुताबिक- नॉरिल्स्क निकल एक साल में इतनी सल्फर डाइऑक्साइड उत्सर्जित करता है जितनी पूरे फ्रांस में होती है। शहर पर एक डॉक्यूमेंट्री माई डेडली ब्यूटीफुल सिटी बनानेवाली विक्टोरिया फायोर कहती हैं- लोग कंपनी के बारे में कुछ भी बोलने से डरते हैं क्योंकि उनकी जिंदगी उसकी कामयाबी पर ही चल रही है।
