‘तत्तापानी को जल क्रीड़ा गंतव्य के रूप में विकसित किया जाएगा’: जयराम ठाकुर
पांगणा में लोक निर्माण विभाग के उपमण्डल और तत्तापानी में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की घोषणा की तत्तापानी में घाटों के निर्माण और सतलुज तट के सौन्दर्यीकरण और संरक्षण कार्यों की आधारशीला रखी
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। तत्तापानी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा क्योंकि इस क्षेत्र को जल क्रीड़ा गतंव्य के रूप में विकसित करने की अपार संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने यह आज मंडी जिले के करसोग क्षेत्र में तत्तापानी में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा। मकर सक्रांति के शुभ अवसर पर राज्य के लोगों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का संरक्षण करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि कौल बांध के निर्माण के फलस्वरूप यह क्षेत्र एक ऐसे स्थल के रूप में उभरा है, जिसे राज्य के एक प्रमुख जल खेल क्रीड़ा गंतव्य के रूप में विकसित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान राज्य सरकार ने प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का एक समान और संतुलित विकास सुनिश्चित किया है। क्षेत्र के लिए मिनी सचिवालय भवन और आईटीआई भवन स्वीकृत किया गया है, जिसके निर्माण पर क्रमशः 14.86 करोड़ और लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए के पीएमजीएसवाई 12.76 करोड़ रुपये नाबार्ड के तहत तहत 3.32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।