केंद्रीय रेल राज्यमंत्री ने दिया बड़ा तोहफा, दौलतपुर चौक से दिल्ली के लिए चली हिमाचल एक्सप्रेस

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा है कि देवी सर्किट योजना के तहत हिमाचल की चार शक्तिपीठों को ब्रॉडगेज रेललाइन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए सर्वे होगा। मोदी की चार धाम यात्रा योजना की तर्ज पर मां वैष्णो देवी आने वाले श्रद्धालु चिंतपूर्णी, ज्वालाजी और कांगड़ा मंदिर भी आसानी से जा सकें, इसके लिए ब्राडगेज रेल लाइन बिछाई जाएगी। चामुंडा मंदिर को इसके बाद रेल ट्रैक से जोड़ा जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने मंगलवार को ऊना के अंब-अंदौरा से दौलतपुर तक नए ट्रैक का रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस ब्राडगेज ट्रैक से मां चिंतपूर्णी का मंदिर भी जुड़ गया है। कुनेरन रेलवे स्टेशन का नाम मां चिंतपूर्णी स्टेशन रखा गया है। यहां से चितंपूर्णी मंदिर मात्र 20 किमी दूर है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 तक बचे हुए 52 किलोमीटर ट्रैक को मुकेरियां- तलवाड़ा से जोड़ दिया जाएगा। इसके लिए इसी माह वर्क टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। इस पर दो हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। पंजाब क्षेत्र में बचे भू अधिग्रहण कार्य को जल्द पूरा करने के लिए 17 जनवरी को रेलवे अधिकारी उनके मुख्य सचिव से मिलेंगे। दौलतपुर चौक स्थित नए रेल खंड के उद्घाटन पर उमड़ी भीड़ देखकर सिन्हा ने कहा कि मकर संक्रांति पर जहां प्रयागराज में कुंभ लगा है वहीं दौलतपुर चौक में भी रेलवे का मिनी कुंभ है। अब हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन दौलतपुर चौक से ही चलेगी। इससे ऊना के अलावा कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर जिलों के लोगों को रेल सुविधा मिल सकेगी।  उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की प्राथमिकता के चलते हिमाचल में गत वर्ष एक लाख 30 हजार करोड़ रुपये रेल विकास पर खर्च किए गए। इस वर्ष एक लाख 48 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

हिमाचल में कांग्रेस राज में प्रतिवर्ष 108 करोड़ खर्च किए जाते थे। अब भाजपा राज में 385 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। दौलतपुर चौक तक रेल पहुंचने के साथ ही चिंतपूर्णी शक्तिपीठ भी भारतीय रेलवे के मानचित्र पर अंकित हो गया। कुनेरन स्थित चिंतपूर्णी मार्ग रेलवे हॉल्ट स्टेशन स्थापित होने से मां चिंतपूर्णी का दरबार भी रेलवे से जुड़ गया।हालांकि अभी तक सड़क मार्ग से चिंतपूर्णी धाम की दूरी इस स्टेशन से अभी 24 किलोमीटर है, लेकिन वाया अमलैहड़ प्रस्तावित सड़क के निर्माण के बाद यहां से चिंतपूर्णी धाम महज 15 किमी की दूरी पर रह जाएगा। इसके वहीं, देवी सर्किट योजना के माध्यम से भविष्य में ब्राडगेज रेल लाईन ज्वालाजी होते हुए चिंतपूर्णी तथा कांगड़ा और श्री चामुंडा जी को जोड़गी। रेल राज्य मंत्री ने कहा कि अंब-अंदौरा से होशियारपुर रेल लाइन का फाइनल लोकेशन सर्वे इसी माह होगा। ऊना-हमीरपुर ट्रैक के फाइनल लोकेशन सर्वे के बाद डीपीआर तैयार है। 6000 करोड़ की उक्त परियोजना शीघ्र शुरू होगी। उन्होंने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर अपने इलाके के हित की बात के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। 

Leave A Reply