निवेशकों की सुविधा के लिए लैंड बैंक की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने की वैश्विक निवेशक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न क्षेत्रों में निवेश को आकर्षित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और राज्य के इतिहास में पहली बार वैश्विक निवेशक मीट का आयोजन किया जा रहा। है। मुख्यमंत्री आज यहां वैश्विक निवेशक मीट की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक धर्मशाला में 10 व 11 जून, 2019 को प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने औद्योगिक आवंटन के लिए भूमि बैंक स्थापित किया है और इसके बारे सभी प्रकार की जानकारी राजस्व विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इस कदम से इच्छुक उद्यमियों को उनकी इच्छा के अनुरूप भूमि की उपलब्धता के बारे एक क्लिक पर जानकारी उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का निवेशक मीट आयोजित करने का निर्णय एक बड़ी पहल है, जो प्रदेश में पर्यटन, आतिथ्य, रिजॉर्ट्स, फार्मास्टिक्लस, सूचना प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, हर्बल और आयुर्वेद आधारित उद्योगों, बागवानी, ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण, रियल एस्टेट तथा शिक्षा इत्यादि क्षेत्रों में हजारों करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित करने में सहायक सिद्ध होगी।