आज मनाया जाएगा हिमाचल पूर्ण राज्यत्व दिवस, यहां होगा राज्यस्तरीय समारोह

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। पूर्ण राज्यत्व दिवस पर राज्यस्तरीय समारोह शुक्रवार को कुनिहार में होगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इस मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फ हराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। 25 जनवरी, 1971 को हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला था। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोलन जिले के अर्की उपमंडल के कुनिहार में पूर्ण राज्यत्व दिवस पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। जयराम ठाकुर सुबह 11 बजे लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में ‘एक बूटा बेटी के नाम’ योजना के तहत पौधरोपण करेंगे। इस दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) में महिला विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उद्यान विभाग, बीएसएनएल, सहकारिता विभाग, जोगिंद्रा कोऑपरेटिव बैंक, ग्रामीण विकास विभाग, वन विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से लगाई प्रदर्शनियों का सीएम अवलोकन करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय पोषण अभियान के तहत अन्नप्राशन संस्कार और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ भी करेंगे। इस दौरान झांकियों से प्रदेश सरकार की योजनाओं से लोगों को रूबरू करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री दोपहर बाद 1:10 बजे कुनिहार स्कूल में आयोजित एट होम में भाग लेंगे। कार्यक्रम स्थल पर वीरवार को उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने सफल आयोजन के लिए सभी प्रशासनिक अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा ने बताया कि कुनिहार में यातायात, कानून व सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। पूर्ण राज्यत्व दिवस पर सरकारी कर्मचारियों को डीए, अंतरिम राहत जैसी कई घोषणाओं की उम्मीद है। अनुबंध कर्मचारी भी नियमितीकरण की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Leave A Reply