हिमाचल: स्वाइन फ्लू से एक और मौत, अब तक 6 लोगों ने गंवाई जान !

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला।आईजीएमसी अस्पताल में भर्ती मंडी के गगल निवासी जगदीश (64) ने दम तोड़ दिया। इसी माह प्रदेश में स्वाइन फ्लू से छठी मौत होने से हड़कंप मच गया है। टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से व्यक्ति आइसोलेशन वार्ड में दाखिल था, लेकिन बुधवार रात करीब दस बजे वार्ड में मरीज की मौत हो गई। स्वाइन फ्लू से मौत होने की पुष्टि अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जनक राज ने की है। जगदीश को 19 जनवरी को आईजीएमसी अस्पताल लाया गया था। मरीज को तेज बुखार था। चिकित्सकों ने मरीज की नाजुक हालत देखते हुए वार्ड में दाखिल किया।लैब से रिपोर्ट के पॉजिटिव आने के बाद मरीज को ई ब्लॉक स्थित आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया, लेकिन तबीयत अधिक बिगड़ने के बाद बुधवार देर शाम को मरीज की मौत हो गई। अब तक अस्पताल में भर्ती सात लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। इनमें जिला शिमला के तीन और कुल्लू तथा बिलासपुर के मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव है। वहीं प्रदेश भर में अब तक 31 मरीजों को स्वाइन फ्लू के नमूनों की जांच में पॉजिटिव पाया गया है। इनमें से सबसे ज्यादा 13 मरीज कांगड़ा से हैं। 

Leave A Reply