(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में बीते कुछ दिनों से भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को निशाना बनाए जाने का सिलसिला जारी है. एक बार फिर से मध्य प्रदेश के नागदा जिला में भाजपा नेता को निशाना बनाया गया है. दरअसल, नागदा में भाजपा के महामंत्री की भाभी की कुल्हाड़ी से हत्या कर बदमाश डेढ़ लाख के जेवर ले गए. घटना शुक्रवार शाम को 4 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है. मृतका शाम को खेत पर घूमने गयी थी. वहीं पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. हालांकि, मामले में पुलिस जांच में जुट गई है. दरअसल, नागदा के ग्राम अमलवादिया निवासी सीताबाई आंजना की शुक्रवार शाम को हत्या कर दी गयी. सीताबाई नागदा के ग्रामीण महामंत्री लाल सिंह आंजना की भाभी थीं. शुक्रवार शाम सीताबाई खेत पर घूमने गयी थीं, शाम 7 बजे तक जब वह घर नहीं लौटी तो बेटे संजय और इन्दर खेत पहुंचे. जहां मां की खून से लथपथ लाश मिली. महिला के सिर, कान और गले पर कुल्हाड़ी से वार किए गए थे. बदमाश 60 वर्षीय मृतक की हत्या कर डेढ़ लाख के जेवर ले गए थे. घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी मनोज रत्नाकर, बिरलाग्राम थाना प्रभारी रजत सकलेचा घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों के बयान लिये. मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने खून के सैंपल लिए. अभी ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या लूटपाट के इरादे से की गई है या इसके पीछे और कोई साजिश है. इससे पहले भी इंदौर, मंदसौर और बलवाड़ी में भाजपा नेता की हत्या का मामला सामने आ चुका है. बीजेपी नेता मनोज ठाकरे का शव वारला पुलिस स्टेशन सीमा क्षेत्र में एक खेत में मिलाथा. वह मॉर्निंग वॉक पर गए थे.