हिमाचल: फोम फैक्टरी में लगी आग, करोड़ो का नुकसान, बाल-बाल बचे मजदूर

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। मानपुरा स्थित एक फोम और पैकेजिंग का सामान बनाने वाले उद्योग में वीरवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है, जिसमेें करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है। जब आग लगी, उस समय एरोफिन कंपनी के उद्योग के भीतर मजदूर काम कर रहे थे। आग लगते ही करीब 20 मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई। भीषण आग में तैयार और कच्चा माल जलकर राख हो गए। तीन मंजिला भवन पूरी तरह तबाह हो गया। पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बद्दी और नालागढ़ से आए अग्निशामकों ने आग पर काबू पाया। उद्योग के पूरी तरह राख होने से यहां कार्यरत मजदूर बेरोजगार हो गए हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पूरी तरह पता नहीं चला है, लेकिन कंपनी संचालकों का कहना है कि आग शार्ट सर्किट से लगी है। आग लगने के दौरान कंपनी में कामगार ड्यूटी पर थे। सुबह 11:35 बजे जहां प्रोडक्शन का काम चल रहा था, वहां एक मशीन से चिंगारी निकली और उसने आग पकड़ ली। प्रबंधकों ने इसकी सूचना पांच मिनट बाद ही फायरब्रिगेड को दी। नालागढ़ और बद्दी से दो-दो गाड़ियां तुरंत पहुंची। उनके साथ आसपास के उद्योगों के कर्मचारियों ने आग बुझाने में सहयोग किया।

Leave A Reply