(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। सीएम जयराम ठाकुर ने केंद्र के अंतरिम बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बजट के बाद हिमाचल में उत्साह है। इस बजट से बहुत बड़ा वर्ग लाभाविंत हुआ है। कार्यकारी वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने एक संतुलित बजट पेश किया है। किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों व मध्य वर्ग के लिए बेहतरीन बजट प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कर्मचारियों का बड़ा वर्ग है। इनकम टैक्स की आय सीमा को अढ़ाई लाख से पांच लाख करने से कर्मचारियों को लाभ होगा। 25 बीघा जमीन व उससे कम जमीन वाले किसानों को प्रति वर्ष 6 हजार देने की घोषणा ऐतिहासिक है। इससे पहले ऐसा न तो हुआ है और न ही किसी ने सोचा होगा। उन्होंने अंतरिम बजट को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी और कार्यकारी वित्त मंत्री पीयूष गोयल का आभार प्रकट किया है। बैंगलुरु व हैदराबाद से रोड शो कर लौटे शिमला लौटे सीएम जयराम ने मीडिया से बातचीत में यह बात कही। रोड शो को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है, हिमाचल में निवेश आए। निवेश यहां पर बैठकर नहीं आएगा। इसके लिए जाकर बात करनी होगी। इसी के चलते उनकी सरकार ने एक पहल की है। लोकसभा चुनाव के बाद प्रस्तावित इनवेस्टर मीट से पहले उद्यमियों को आमंत्रित करने के लिए रोड शो करने का निर्णय लिया। बैंगलुरु व हैदराबाद में सफल आयोजन करवाया गया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद अगर समय बचा तो अन्य जगह भी ऐसे आयोजन करवाए जाएंगे।