(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। सीबीआई को उसका नया मुखिया मिल गया है। ऋषि कुमार शुक्ला को सीबीआई का नया डायरेक्टर बनाया गया है। केबिनेट की नियुक्ति समिति ने उनके नाम को मंजूरी दे दी है। चार्ज संभालने के बाद शुक्ला का कार्यकाल दो साल का होगा। आलोक वर्मा और राकेश अस्थाना के विवाद के बाद ये पद खाली था। ऋषि कुमार शुक्ला 84 बैच के अफसर हैं। इससे पहले सीबीआई प्रमुख की नियुक्ति को लेकर हुई बैठकों में कोई नतीजा नहीं निकल सका था। तभी माना गया था कि सीबीआई का निदेशक चुनने के लिए शुक्रवार को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली चयन समिति की बैठक में प्रस्तावित नामों को लेकर समिति के सदस्य कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के एतराज के बावजूद केंद्र जल्द ही एजेंसी के अगले प्रमुख के नाम की घोषणा करेगा। अधिकारियों ने बताया कि समझा जाता है कि तीन सदस्यीय चयन समिति की दूसरी बैठक के दौरान सरकार ने जिन नामों को सामने रखा, खड़गे ने उन पर आपत्ति जाहिर की। खड़गे तीन सदस्यीय समिति का हिस्सा हैं। ऋषि कुमार शुक्ला मध्यप्रदेश पुलिस के मुखिया रह चुके हैं। हाल में मप्र की कमलनाथ सरकार ने उन्हें हटाकर उनकी जगह वीके सिंह को मप्र पुलिस की कमान सौंपी है।