(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में सोमवार को मौसम साफ बना रहा। मौसम के बीते 2 दिनों से सामान्य रहने से तापमान में सुधार भी देखा गया। न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ौतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो 5 फरवरी को प्रदेश में मौसम के मिजाज फिर से बिगड़ेंगे जिसका असर 9 फरवरी तक बना रहेगा, वहीं 6 और 7 फरवरी को प्रदेश के दूरदराज व ऊंचे क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने खास तौर पर चम्बा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, शिमला व किन्नौर क्षेत्रों के अलावा धौलाधार की ऊंची पर्वत शृंखलाओं में भारी हिमपात होने की चेतावनी जारी की है, वहीं 7 फरवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी से भारी बर्फबारी होने की चेतावनी जारी की है और प्रशासन ने भी इस दौरान लोगों को घरों से न निकलने की हिदायत जारी की है। इस दौरान प्रदेश के मध्यम तथा मैदानी क्षेत्रों में बारिश के साथ कुछेक क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने की भी संभावना जताई गई है। राजधानी शिमला व आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही मौसम साफ बना रहा, वहीं कुछेक क्षेत्रों में दिनभर अच्छी धूप खिली रही। कुछेक ऊंचे क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहे। बीते सप्ताह हुई बर्फबारी के बाद अभी भी 250 के करीब सड़कें बंद पड़ी हैं, वहीं 170 के करीब बस रूट भी अभी तक बंद ही पड़े हैं। सोमवार को केलांग का न्यूनतम तापमान -13.0 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं कल्पा का -5.0 व मनाली का -0.6 डिग्री दर्ज किया गया। शिमला का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं सुंदरनगर 2.9, भुंतर 1.0, धर्मशाला 4.8, ऊना 5.0, नाहन 6.3, पालमपुर 5.0, सोलन 2.4, कांगड़ा 5.2, मंडी 3.8, बिलासपुर 5.8, हमीरपुर 6.0, चम्बा 3.0 व डल्हौजी का 4.2 डिग्री दर्ज किया गया।