हिमाचल में बारिश और बर्फबारी का क्रम जारी, रोहतांग में गिरी 2 फूट ताजा बर्फ

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। हिमाचल में बर्फबारी और बारिश का क्रम आज भी जारी है। बुधवार से ऊंची चोटियों पर बर्फ गिर रही है और निचले इलाकों में बारिश का दौर चला हुआ है। बिगड़े मौसम के चलते प्रदेश में शीतलहर तेज हो गई है। बर्फबारी और बारिश से तापमान में गिरावट आई है। दुर्गम इलाकों किन्नौर, लाहुल-स्पीति चंबा के ऊंचाई वाले इलाके और धौलाधार की ऊंची चोटियां बर्फबारी से सराबोर हो गई है। रोहतांग दर्रे में 2 फूट ताजा बर्फबारी हुई है। मढी में डेढ़, गुलाबा में एक फुट, सोलंग नाला, पलचान कोठी में आधा फुट ताजा बर्फबारी हुई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फ़बारी आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में यातायात प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के एक बार फिर सक्रिय होने और पहाड़ों में जमकर बर्फबारी की संभावना जताई है। मनाली स्थित स्नो एंड एवालांच स्टडी एस्टैबलिशमेंट ने पांच जिलों- चंबा, लाहुल-स्पीति, शिमला, किन्नौर और कुल्लू में हिमस्खलन की चेतावनी भी जारी की है। कुल्लू व चंबा में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।  बर्फबारी का मजा लेने के लिए पर्यटक कुल्लू मनाली,मणिकर्ण बड़ी संख्या में पहुंचे है। शिमला में न्यूनतम तापमान 4.3, भुंतर में 6.0 कल्पा में -2.6, केलांग में -7.6 , धर्मशाला में 3.6 डलहौजी में -0.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Leave A Reply