शहीद का पार्थिव शरीर ले जा रही एंबुलेंस को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, चार लोगों की मौत

(न्यूज़लाइवनाउ-Uttar Pradesh) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। चंडीगढ़ से शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव देवरिया ले जा रही एंबुलेंस को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में शहीद के बेटे समेत चार लोगों की जान चली गई। हादसा हलियापुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 79.6 के पास हुआ।

पुलिस के मुताबिक, शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान, जो देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के गैला दुधिला गांव के रहने वाले थे, का पार्थिव शरीर एंबुलेंस से चंडीगढ़ से उनके गांव ले जाया जा रहा था। रविवार सुबह करीब 8:15 बजे एंबुलेंस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर शहीद के बेटे और चालक ने तोड़ा दम

हादसे के समय एंबुलेंस में शहीद के बेटे गौरव सिंह, भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ सिंह और चालक जसपाल मौजूद थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गौरव सिंह और एंबुलेंस चालक जसपाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

वहीं, गंभीर रूप से घायल राजन चौधरी और राम समुझ सिंह को तत्काल पिठला कुमारगंज स्थित अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों की कोशिशों के बावजूद दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

एक ही हादसे में परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस एंबुलेंस से शहीद का पार्थिव शरीर अंतिम यात्रा के लिए उनके गांव ले जाया जा रहा था, उसी वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से परिवार पर एक और बड़ा दुख टूट पड़ा।

शहीद का पार्थिव शरीर सुरक्षित रखा गया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक थाना परिसर में सुरक्षित रखवाया गया है।

पुलिस अब हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान और तलाश में जुटी है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Comments are closed.