(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। सत्य सनातन वैदिक हिन्दू धर्म के बाद ईसाई मिशनरियां अब सिख धर्म को अपना निशाना बना रही हैं तथा सिखों के धर्मान्तरण के लिए तमाम नापाक साजिशों को अंजाम दे रही हैं। मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ का है जहाँ के सेंट लुक्स अस्पताल के निदेशक फादर सायराज पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए सिख समुदाय के लोगों ने बुधवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। एसएसपी ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए सीओ को जांच सौंप दी है। खबर के मुताबिक़, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार रणजीत सिंह नंदा और सचिव जसवीर सिंह खालसा के नेतृत्व में अधिकारियों से मिले। इस दौरान सिख समुदाय के लोगों ने बताया कि सेंट लुक्स अस्पताल में गुरुवचन सिंह सेठी साल 1988 से मेडिकल स्टोर चला रहे हैं। आरोप है कि कुछ समय पहले सेंट लुक्स की कमान संभालने वाले डायरेक्टर फादर सायराज ने गुरुवचन सिंह को बुलाया और दुकान पर काबिज रहने के लिए धर्म परिवर्तन करते हुए ईसाई बनने की बात कही। गुरुवचन सिंह ने ऐसा करने से इनकार किया तो उन्होंने दुकान खाली कराने की धमकी दे दी।
सिख समाज के लोगों ने एसएसपी को बताया कि निदेशक फादर ने जवाब दिया कि यह निर्णय उनका नहीं बल्कि ऊपर से ऐसे आदेश जारी हुए हैं इनमें ईसाई समाज के व्यक्ति को ही दुकान देने की बात कही गई है। सरदार रणजीत सिंह नंदा ने बताया कि सिख समुदाय का एक दल इस मामले को लेकर फादर से भी मिला लेकिन उन्होंने बिना धर्मपरिवर्तन किये बात बनने से इंकार कर दिया। गुरुवचन सिंह ने आरोप लगाते हुए बताया कि काफी समय से उन्हें परेशान किया जा रहा है। वह सिविल कोर्ट से दुकान खाली कराने के आदेश के खिलाफ स्टे भी ले आए, फिर भी उनको परेशान किया जा रहा है। पूरा मामला सुनने के बाद एएसपी सतपाल सिंह ने मामले की जांच सीओ सिविल लाइन को सौंपते हुए सिख समुदाय को न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उधर मिशनरियों द्वारा सिखों पर धर्मान्तरण के लिए दवाब डालने की खबर सामने आने के बाद हिन्दू संगठन भी भड़क उठे हैं। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के विभाग मंत्री गोपाल शर्मा ने भी इस मामले में एसएसपी से कार्रवाई की मांग की है तथा एसएसपी ने कार्यवाई का भरोसा दिलाया है।