मोदी ने दिए पाक के खिलाफ युद्ध के संकेत कहा – किसी ने छेड़ा तो नया भारत छोड़ता भी नहीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की नीति है कि हम किसी को छेड़ते नहीं, लेकिन नए भारत को किसी ने छेड़ा तो वो छोड़ता भी नहीं है।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : पुलवामा फिदायीन हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के 40 जवानों का शनिवार को उनके गृहनगर में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की नीति है कि हम किसी को छेड़ते नहीं, लेकिन नए भारत को किसी ने छेड़ा तो वो छोड़ता भी नहीं है। ये हमारे सुरक्षाबलों ने पहले भी कर दिखाया है और अब भी कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।वहीं, केंद्र सरकार ने हमले की कार्रवाई पर एकराय बनाने के लिए दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई। इसमें सभी नेताओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी और आतंकवाद पर सख्त कार्रवाई करने का प्रस्ताव पास हुआ। इसमें कहा गया, “आतंकवाद को सीमा पार से समर्थन मिलता है लेकिन भारतीय सुरक्षा बल इससे निपटने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की लड़ाई में देश अपने सैनिकों के साथ है। भारत की एकता-अखंडता की हर कीमत पर सुरक्षा की जाएगी।”शरद पवार ने कहा कि मोदी सत्ता में आने से पहले चुनावी रैलियों में कहते थे कि मनमोहन सरकार में वह योग्यता ही नहीं जो पाक को सबक सिखा सके। यह काम तो 56 इंच के सीने वाला शासक ही कर सकता है। मगर अब तो सभी ने देखा कि क्या हो गया।मोदी ने पाकिस्तान को हमले का जिम्मेदार ठहराते हुए शुक्रवार को कहा कि हमें अस्थिर करने के उनके मंसूबे कामयाब नहीं होंगे। हिन्दुस्तान इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देगा। उन्होंने कहा, ”आतंकी हमले की वजह से लोगों में जितना आक्रोश है उसे मैं भलि-भांति समझ रहा हूं। इस समय जो देश की अपेक्षाएं हैं, कुछ कर गुजरने की भावनाएं हैं, वो भी स्वाभाविक है। हमारे सुरक्षा बलों को पूर्ण स्वतंत्रता दे दी गई है। मुझे पूरा भरोसा है कि देशभक्ति के रंग में रंगे लोग सही जानकारियां एजेंसियों को पहुंचाएंगे, ताकि हमारी लड़ाई और मजबूत हो सके।”मोदी ने कहा, ”मैं पाक आतंकियों और उनके समर्थकों को कहना चाहता हूं कि वे बहुत बड़ी गलती कर चुके हैं। बहुत बड़ी कीमत उन्हें चुकानी पड़ेगी। मैं देश को भरोसा देता हूं कि हमले के पीछे जो ताकत हैं, जो भी गुनहगार है, उन्हें उनके किए की सजा मिलेगी।”शहीद हुए 40 जवानों में 12 उप्र के, 5 राजस्थान के, 4 पंजाब के हैं। इसके अलावा प.बंगाल, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, बिहार के 2-2 जवान शहीद हुए। असम, केरल, कर्नाटक, झारखंड, मध्यप्रदेश, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के एक-एक जवान ने भी अपनी जान गंवा दी।

Leave A Reply