राफेल आ जाता तो उनका कोई विमान नहीं बचता – प्रधानमंत्री मोदी
मोदी ने कहा कि आतंकवाद की जड़ें हमारे पड़ोसी देश में हैं। क्या हम इसका इलाज नहीं कर सकते हैं?
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गुजरात के जामनगर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पाकिस्तान में वायुसेना की एयर स्ट्राइक पर सवाल उठा रहे हैं। थोड़ा दिमाग लगाओ, अगर राफेल समय से आ जाता तो नतीजे कुछ और होते। न हमारा कोई विमान गिरता और न ही उनका कोई बचता। मोदी ने कहा कि आतंकवाद की जड़ें हमारे पड़ोसी देश में हैं। क्या हम इसका इलाज नहीं कर सकते हैं? देश को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ हम चुप नहीं बैठेंगे।मोदी ने कहा, ”आपको पता है कि मुझे छोटे काम अच्छे नहीं लगते, हमेशा बड़ा करने की ही सोचता हूं। पिछले दिनों जो हुआ उसे आपने महसूस किया है। हमारा लक्ष्य आतंकवाद को खत्म करना है और विपक्ष का मुझे हटाना।” इस दौरान प्रधानमंत्री कोची को कराची बाेल गए, फिर उन्होंने कहा कि अभी मेरे दिमाग में यही चल रहा है। 14 फरवरी को पुलवामा में आतंकी हमले के बाद वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों पर हमला किया था। इसमें 300 से ज्यादा आतंकी मारे जाने का दावा किया जा रहा है।