इस व्यापारी ने हाफिज सईद द्वारा दिए गये पैसों से खरीदी थी एक करोड़ से ज्यादा की संपत्ति !
ईडी के मुताबिक, वटाली की यह संपत्ति 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के द्वारा भेजे गए पैसे से खरीदी गई है।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : प्रवर्तन निदेशालय ने कश्मीरी व्यापारी जहूर अहमद वटाली की हरियाणा में मौजूद 1.3 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। ईडी के मुताबिक, वटाली की यह संपत्ति 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के द्वारा भेजे गए पैसे से खरीदी गई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने वटाली को साल 2017 में गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह तिहाड़ जेल में बंद है।ईडी के सूत्र ने बताया, ‘हमने वटाली की 24 संपत्तियों की जांच की है। इनमें से अधिकांश दिल्ली, हरियाणा और उत्तरप्रदेश में खरीदी गई हैं। संपत्ति 15 करोड़ रुपए से ज्यादा की है।’ जांच एजेंसी के अफसर सोमवार को देर रात वटाली के घर पहुंचे थे।राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने 2018 में आतंकियों को फंड मुहैया कराने वाले एक टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। इसी मामले में दिल्ली से तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए लोगों का संबंध हाफिज सईद के संगठन से था।ईडी के सूत्र ने दावा किया कि, ‘वटाली को यह पैसे उसके द्वारा किए गए काम के एवज में मिले हैं।’ एजेंसी ने पहले कहा था कि वटाली के घर से मिले दस्तावेजों के मुताबिक उसे यह पैसे पाकिस्तानी आईएसआई के सईद, पाकिस्तानी हाई कमीशन (नईदिल्ली) और दुबई के सूत्र से मिले थे।ईडी के सूत्र ने बताया कि, ‘वटाली के सईद और सलाहुद्दीन के अलावा पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों से भी बहुत अच्छे संबंध हैं।’ एजेंसी सईद के खिलाफ जांच कर रही है। वह लश्कर-ए-तैयबा और जमात-उद-दावा से है, जबकि सैयद सलाहुद्दीन को हिज-बुल-मुजाहीदिन का प्रमुख माना जाता है