हिमाचल: टिपर और निजी बस में जोरदार भिड़ंत, चार घायल

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। क्षेत्र के वीरभद्र चौक पर टिपर एवं निजी बस में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस परिचालक समेत करीब चार लोग घायल हो गए। परिचालक को गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में रेफर किया गया है। जहां चिकित्सकों की देखरेख में उपचार जारी है। घटना के दौरान मुख्य चौक पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलते पुलिस ने मौके पर पहुंच छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह निजी बस सिंघा-संतोषगढ़-ऊना जा रही थी। इस दौरान टाहलीवाल की तरफ से आ रहे टिपर ने संतोखगढ़ के वीरभद्र चौक पर गलत दिशा से आकर बस को टक्कर मार दी। टिपर की जोरदार टक्कर से बस पलट गई। हादसे में चार लोगों को चोटें आई हैं। परिचालक सुनील उर्फ सोनू निवासी बाथू को गंभीर हालत के चलते संतोषगढ़ स्वास्थ्य केंद्र से ऊना रेफर कर दिया गया है। जबकि बस में सवार चालक और यात्रियों को अंदरूनी चोटें आई हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर टिपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। रविवार होने के चलते वीरभद्र चौक पर ट्रैफिक थोड़ा कम था नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे की जोरदार आवाज के बाद दुकानदार और लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायलों को निकालकर 108 वाहन के माध्यम से स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। पुलिस ने मामले के संबंध में जांच शुरू कर दी है। डीएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में आगामी जांच शुरू कर दी है।

Leave A Reply