ये है लोकसभा चुनाव के सबसे युवा उम्मीदवार, सिर्फ 28 वर्ष के है तेजस्वी सूर्या
तेजस्वी सूर्या भाजपा के प्रदेश युवा मोर्चा के मौजूदा महासचिव हैं।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : भाजपा ने बेंगलुरु दक्षिण लोकसभा सीट से अपने युवा चेहरे 28 वर्षीय एल. एस. तेजस्वी सूर्या को उम्मीदवार बनाया है। तेजस्वी कांग्रेस के दिग्गज नेता बीके हरिप्रसाद को चुनावी मैदान में चुनौती देंगे। भाजपा के लिए यह सीट उसकी प्रतिष्ठा जुड़ गई है। यहां से भाजपा के दिवंगत नेता अनंत कुमार सांसद थे। यदि तेजस्वी यह चुनाव जीत जाते हैं तो 17वीं लोकसभा में देश के सबसे युवा सांसद होने का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हो जाएगा। तेजस्वी सूर्या भाजपा के प्रदेश युवा मोर्चा के मौजूदा महासचिव हैं। वह वकालत के पेशे से जुड़े हैं और कर्नाटक हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। एबीवीपी से छात्र नेता रह चुके सूर्या भाजपा की राष्ट्रीय सोशल मीडिया टीम के सदस्य भी हैं।खुद प्रधानमंत्री मोदी भी तेजस्वी सूर्या की तारीफ कर चुके हैं। प्रधानमंत्री ने उनकी तारीफ में कहा था कि आप तो तेजस्वी अर्थात सूर्य के समान हैं। सूर्या अनंत कुमार को अपना गुरु मानते हैं। टिकट मिलने के बाद उन्होंने कहा था कि अनंत कुमार मेरे राजनीतिक गुरु हैं।भाजपा के युवा चेहरे सूर्या अपने बेबाक और विवादित बयानों को लेकर भी चर्चा में आ चुके हैं। बीते दिनों उन्होंने कहा था कि यदि आप नरेंद्र मोदी के साथ हैं तो इंडिया के साथ हैं। यदि आप प्रधानमंत्री के साथ नहीं तो आप एंटी इंडियन हैं।तेजस्वी प्रखर वक्ता और प्रभावी प्रचारकों में भी शामिल हैं। वह पार्टी के लिए कर्नाटक से बाहर पुणे, चेन्नई समेत कई राज्यों में चुनाव प्रचार अभियानों का जिम्मा संभाल चुके हैं।फिलहाल, देश के सबसे युवा सांसद होने का रिकॉर्ड दुष्यंत चौटाला के नाम है जो 26 साल की उम्र में 16वीं लोकसभा में सांसद बने थे। तब उन्होंने कुलदीप विश्नोई जैसे दिग्गज नेता को 31,847 मतों से हराया था।
वैसे युवा चेहरों को मौका देने में कांग्रेस भी पीछे नहीं है। उसने 25 वर्षीय हार्दिक पटेल को पार्टी में काम करने के लिए मौका दिया है। यदि हार्दिक पटेल मौजूदा लोकसभा चुनाव लड़ते हैं और जीत जाते हैं तो वह तेजस्वी सूर्या को पीछे छोड़ते हुए देश के सबसे युवा सांसद होने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।कांग्रेस नेता मौसम नूर भी महज 27 साल की उम्र में सांसद बनी थीं। तब उन्होंने पश्चिम बंगाल के मालदा उत्तर से चुनाव लड़ा था। इसके बाद अगाथा संगमा का नंबर आता है जो 28 साल की उम्र में कांग्रेस के टिकट पर मेघालय की तूरा लोकसभा सीट से सांसद चुनीं गई थीं। युवा सांसदों की कड़ी में सारिका सिंह का भी नाम आता है जो 29 साल की उम्र में रालोद के टिकट पर यूपी के हाथरस से सांसद बनी थीं। भाजपा के वरुण गांधी भी 29 साल की उम्र में यूपी के पीलीभीत से सांसद चुने गए थे।बेंगलुरु दक्षिण लोकसभा सीट से टिकट के दावेदारों में भाजपा के दिवंगत नेता अनंत कुमार की पत्नी तेजस्विनी भी शामिल थीं। लेकिन तमाम दावेदारों को पीछे छोड़ते हुए भाजपा केंद्रीय नेतृत्व तेजस्वी सूर्या को अपना उम्मीदवार बनाया। इससे तेजस्विनी अनंत कुमार के समर्थकों में भारी नाराजगी है। इन नए घटनाक्रम से यहां पार्टी दो खेमों में बंटती नजर आ रही है। ऐसे में तेजस्वी सूर्या के सामने इस गुटबाजी से निपटना भी बड़ी चुनौती होगी।
