धोनी-कोहली से सीखिए कैसे बिना बॉलिंग किए खिलाड़ियों को किया जाता है आउट
धोनी-कोहली से सीखिए कैसे बिना बॉलिंग किए खिलाड़ियों को किया जाता है आउट
आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी के अहम मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है.
इस मैच में गेंदबाजी और बल्लेबाजी में तो टीम इंडिया ने बेहतरीन प्रदर्शन किया ही, साथ ही फील्डिंग में भी भारत का प्रदर्शन लाजवाब रहा. इस मैच में ‘विराट सेना’ ने कोई गलती नहीं की और सेमीफाइनल का टिकट अपने नाम कर लिया.
दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सधी और धीमी शुरुआत की. शुरुआत में कप्तान विराट कोहली ने क्विंटन डिकॉक का रनआउट मिस किया. इसकी अगली ही गेंद पर हार्दिक पांड्या ने हाशिम अमला का आसान सा कैच ड्रॉप कर दिया, लेकिन इसके बाद जो लय विराट एंड कंपनी ने पकड़ी, वह देखने वाली थी.
हाशिम अमला का विकेट गिरते ही अफ्रीका की पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढहना शुरू हो गई. इस मैच में कप्तान विराट कोहली का बल्ला भी चला और फील्डिंग भी.
विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी ने जमकर दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों को रनआउट किया. अफ्रीकी कप्तान एबी डिविलियर्स के रनआउट से शुरू हुआ सिलसिला मैच के आखिर तक चला और एक बार फिर धोनी-कोहली ने बताया कि बिना गेंदबाजी किए भी किस तरह विकेट गिराए जाते हैं.
डिविलियर्स के बाद डेविड मिलर मजेदार तरीके से रनआउट हुए, जो मैच का हाईलाइट भी रहा. इसके बाद तीसरा रन आउट इमरान ताहिर का हुआ. तीसरा रन आउट हुआ 45वें ओवर में हुआ. डीप मिडविकेट पर कप्तान कोहली खड़े थे, हालांकि पहले उन्होंने गेंद फील्ड करने में थोड़ी गड़बड़ी कर दी. ऐसे में ताहिर ने रन ले लिया, लेकिन इस बार कोहली मुस्तैद थे.
इधर कोहली ने थ्रो किया और धोनी ने झटपट गिल्लियां उड़ा दीं. साउथ अफ्रीका ऑल आउट हो चुकी थी.
बता दें कि इस तीसरे रन आउट को एक दर्शक ने स्टैंड्स से रिकॉर्ड कर लिया. इसमें हमें सारा मामला कोहली के हिसाब से देखने को मिलता है. कोहली जाते हैं, गेंद उठाते हैं, गेंद छूटती है, वो फिर से उठाते हैं, गेंद फेंकते हैं और धोनी बाकी काम निपटाते हैं. ये सब कुछ एक मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया गया.