ढाका : इमारत में आग लगने से 25 लोगों की मौत, 75 से ज्यादा जख्मी
जिस इमारत में आग लगी, उसमें कपड़े की कई दुकानें और इंटरनेट सेवा प्रदान करने वाले दफ्तर थे।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पॉश इलाके बनानी स्थित 22 मंजिला इमारत में गुरुवार दोपहर आग लग गई। हादसे में एक श्रीलंकाई नागरिक समेत 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 75 से भी ज्यादा लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आग इतनी गंभीर थी कि बुझाने के लिए 21 दमकल गाड़ियों के साथ-साथ बांग्लादेश आर्मी और एयरफोर्स के पांच हेलीकॉप्टर और नौसेना के कमांडो को लगाना पड़ा।जिस इमारत में आग लगी, उसमें कपड़े की कई दुकानें और इंटरनेट सेवा प्रदान करने वाले दफ्तर थे। आग इतनी भीषण थी कि वह आसपास के दो भवनों में भी फैल गई। इससे वहां कई लोग फंस गए। बनानी थाने के इंचार्ज फरमान अली ने बताया, ‘अभी हम सिर्फ इतना बता सकते हैं कि 25 लोगों की मौत हुई है। श्रीलंकाई नागरिक समेत कम-से-कम छह लोगों की मौत तो जान बचाने के लिए इमारत से कूदने के कारण हुई है।’दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग इमारत की आठवीं मंजिल से शुरू हुई जो फैलती चली गई। बांग्लादेश आर्मी और एयरफोर्स के पांच हेलीकॉप्टर को आग बुझाने के लिए लगाया गया था। सेना के 20 जवानों ने इमारत में लगे शीशों को तोड़कर कई लोगों की जान बचाई। बहरहाल, आग पर काबू पा लिया गया है।पिछले माह ऐसे ही अग्निकांड में 70 लोगों की हुई थी मौत
पिछले महीने ढाका के चवकबाजार इलाके में स्थित एक भवन में लगी आग फैल गई थी और उसने पास के रसायन गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया था। इसके बाद तो आग ने विकराल रूप ले लिया था और इसमें 70 लोगों की मौत हो गई थी। 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।