जमानत के लिए नीरव मोदी के वकील का विचित्र तर्क – बेटा कुत्ते के साथ अकेले रह रहा
नीरव की रिहाई के लिए उसके वकील ने कई तर्क दिए, लेकिन उसके सारे तर्क को कोर्ट ने खारिज करते हुए उसकी जमानत याचिका को नामंजूर कर दिया।
(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) : पंजाब नेशनल बैंक के 13,500 करोड़ रुपये के कर्ज की धोखाधड़ी के मामले में भगोड़े हीरा व्यापारी नीरव मोदी को बड़ा झटका लगा है। लंदन की वेस्टमिंस्टर कोर्ट ने नीरव मोदी की जमानता याचिका को खारिज कर दिया है। नीरव मोदी अब 26 अप्रैल तक जेल में ही रहेगा। इसी दिन मामले की अगली सुनवाई होगी। नीरव की रिहाई के लिए उसके वकील ने कई तर्क दिए, लेकिन उसके सारे तर्क को कोर्ट ने खारिज करते हुए उसकी जमानत याचिका को नामंजूर कर दिया।सुनवाई के दौरान वकील ने नीरव के बेटे के अकेले रहने का भी तर्क दिया। उसने अदालत के सामने कहा कि नीरव मोदी को संयुक्त अरब अमीरात और सिंगापुर में स्थायी निवास नहीं मिला है। उनका बेटा यूएस के लिए रवाना हो गया है। वह अब अकेले अपने कुत्ते के साथ रह रहा है। नीरव मोदी के वकील के तर्क से साफ है कि वह बेटे के बहाने अपने क्लाइंट को जेल से छुड़ाना चाहता है। बता दें कि नीरव मोदी जनवरी 2018 से ब्रिटेन में है। उसको 19 मार्च को लंदन में गिरफ्तार किया गया था। जमानत याचिका रद्द होने पर उसको 29 मार्च तक के लिए पुलिस की हिरासत में भेजा गया था।