यहां है 15,256 फीट ऊंचाई पर स्थित दुनिया का सबसे ऊंचा मतदान केंद्र, एक हफ्ते में सड़क से जुड़ेगा
चुनाव आयोग ने 15,256 फीट ऊंचाई पर बने टशीगंग गांव में पहली बार मतदान केंद्र बनाया है।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : दुनिया के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र टशीगंग की सड़क एक सप्ताह के भीतर बहाल हो जाएगी। उपमंडल स्पीति के लोनिवि विभाग ने सड़क बहाली का कार्य तेज कर दिया है। चुनाव आयोग ने 15,256 फीट ऊंचाई पर बने टशीगंग गांव में पहली बार मतदान केंद्र बनाया है।
लेकिन बर्फबारी के बाद से यह इलाका सड़क संपर्क से कटा हुआ है। लाहौल-स्पीति में सर्दियों में भारी बर्फबारी के बाद से मतदान केंद्रों को जोड़ने वाली सड़कों से बर्फ हटाने का कार्य चल रहा है।केलांग से जिस्पा, केलांग-उदयपुर मुख्य सड़कों के साथ लगते पोलिंग बूथ अब जुड़ गए हैं। जिले में 92 पोलिंग बूथों में से लाहौल मंडल के 63 में से 23 मतदान केंद्र सड़क से जुड़ गए हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी केलांग अमर नेगी ने बताया कि सेक्टर अधिकारी पोलिंग बूथों में मूलभूत सुविधाओं की जांच कर रहे हैं।उन्होंने बताया कि शेष मतदान केंद्रों को भी सड़क से जोड़ा जाएगा। वहीं, स्पीति खंड के सहायक निर्वाचन अधिकारी जीवन नेगी ने बताया कि स्पीति में सबसे ऊंचे टशीगंग मतदान केंद्र को जोड़ने का कार्य प्रगति पर है। एक सप्ताह के भीतर ये मतदान केंद्र सड़क मार्ग से जुड़ जाएगा। बर्फ हटाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।